बेंगलुरु 13 सितंबर (वार्ता) आर स्मरण (नाबाद 37) और रिकी भुई (नाबाद 26) की जुझारू पारियों के दम पर साउथ जोन ने दलीप ट्राफी के फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन शनिवार को दो विकेट पर 129 रन बना लिये है। हालांकि वह अभी सेंट्रल जोन के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 233 रन पीछे है।
सेंट्रल जोन के कल के पांच विकेट पर 384 रन से आगे खेलना शुरु किया। सेंट्रल जोन का छठा विकेट सारांश जैन (69) के रूप में गिरा। उन्हें अंकित शर्मा ने बोल्ड आउट किया। 500 के स्कोर पर गुरजपनीत सिंह ने यश राठौड़ को अपना शिकार बना लिया और वह मात्र छह रन से अपना दोहरा शतक पूरा करने से चूक गये। यश राठौड़ ने 286 गेंदों में 17 चौके और दो छक्के लगाते हुए 194 रन बनाये। इसके बाद अंकित शर्मा ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा करते हुए दीपक चाहर (37), कुमार कार्तिकेय (आठ) और आदित्य ठाकरे (एक) को आउटकर 145.1 ओवर में सेंट्रल जोन की पहली पारी को 511 रन के स्कोर पर रोक दिया।
साउथ जोन के लिए अंकित शर्मा और गुरजपनीत सिंह ने चार-चार विकेट लिये। एम डी निधीष और वासुकी कौशिक ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन के लिए तन्मय अग्रवाल और मोहित काले की जोड़ी ने पहले विकेट लिये 62 रन जोड़े। 16वें ओवर में सारांश जैन ने मोहित काले (38) को पगबाधा कर सेंट्रल जोन को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद 19वें ओवर में कुलदीप सेन ने तन्मय अग्रवाल (26) को आउटकर सेंट्रल जोन को दूसरा झटका दिया। दिन का खेल समाप्त होने के समय साउथ जोन ने दो विकेट पर 129 रन बना लिये है और वह अभी भी सेंट्रल जोन के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 233 रन पीछे है। आर स्मरण (नाबाद 37) और रिकी भुई (नाबाद 26) क्रीज पर मौजूद थे।

