मृत घोषित होने की गलती सुधरी

जिला प्रशासन की पहल से गीता रैकवार का आधार हुआ सक्रिय

छतरपुर। जिले में सरकारी रिकॉर्ड की एक बड़ी त्रुटि को जिला प्रशासन की सक्रियता से ठीक कर लिया गया है। मृत घोषित होने के कारण निष्क्रिय हुआ गीता रैकवार का आधार कार्ड अब पुनः सक्रिय कर दिया गया है। राजनगर तहसील के ईमलाहां गांव की निवासी गीता रैकवार, पत्नी मंगलदीन रैकवार, को आधार निष्क्रिय होने के कारण लंबे समय से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

पीड़िता गीता रैकवार ने 13 जनवरी को जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए आवेदन दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक राहुल तिवारी को यूआईडीएआई के राज्य कार्यालय भोपाल से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जांच में सामने आया कि रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (आरजीआई) के सीआरएस पोर्टल पर गीता रैकवार को गलती से मृत दर्ज कर दिया गया था। इसी त्रुटि के कारण उनका आधार कार्ड निष्क्रिय हो गया था और वे शासकीय सुविधाओं से वंचित हो गई थीं। कलेक्टर के अनुरोध पर यूआईडीएआई राज्य कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधार कार्ड को पुनः सक्रिय कर दिया।

आधार कार्ड के सक्रिय होते ही कलेक्टर के निर्देश पर गीता रैकवार का नाम सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की सूची में भी जोड़ दिया गया है। अब उन्हें राशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। गीता रैकवार ने समस्या के शीघ्र समाधान के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

 

 

 

Next Post

मानवता के कल्याण का संकल्प महायज्ञ

Sun Jan 25 , 2026
सीहोर।जिले के इतिहास में पहली बार संयुक्त मां कालका उत्सव समिति के तत्वाधान में चल रहे सहस्त्र चंडी महायज्ञ के कारण आज मां के दरबार में मेला लगा हुआ है, यह यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि मानवता के कल्याण का संकल्प है. यज्ञ की पवित्र अग्नि में समर्पित […]

You May Like