तेल अवीव/सना 13 सितंबर (वार्ता) इज़रायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने शनिवार को कथित तौर पर यमन से तेल अवीव की ओर दागी गयी कलस्टर बम से लैस एक बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराया।
यमन के सना स्थित हूती समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी लेते हुए कहा है कि यह शहर में “संवेदनशील ठिकानों” पर लक्षित एक क्लस्टर बम से लैस मिसाइल थी।
टाइम्स ऑफ़ इज़रायल की रिपोर्ट के अनुसार इज़रायली बलों ने पुष्टि की है कि मिसाइल को सफलतापूर्वक रोक दिया गया। हालांकि सेना ने बम के क्लस्टर विस्फोटक होने के हूती के दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की।
रिपोर्ट के अनुसार हमले में किसी के घायल होने या किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है, लेकिन इसके बाद तेल अवीव और मध्य इज़रायल के कई कस्बों और समुदायों में स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 3:45 बजे सायरन बजने लगे।
ईरान समर्थित इस्लामी कट्टरपंथी मिलिशिया ने हाल के हफ़्तों में इज़रायल पर क्लस्टर बम से लैस कई मिसाइलें दागी हैं।
हूती संगठन 2023 में गाजा में हमास के साथ एकजुटता जताते हुए इज़रायल के साथ युद्ध की शुरुआत के बाद से बार-बार रॉकेट और ड्रोन से इज़रायल पर हमला कर रहा है। हमलों में विशेष रूप से तेल अवीव के पास बेन गुरियन हवाई अड्डे और देश के दक्षिण में रेमन हवाई अड्डे जैसे स्थानों को निशाना बनाया गया है।

