मुंबई, 05 अगस्त (वार्ता) भोजपुरी फिल्म ‘पिया का घर’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। एसआरके म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी इस फिल्म में रहस्य, रोमांच और भावनात्मक कहानी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। निर्माता रौशन सिंह ने कहा कि ‘पिया का घर’ भोजपुरी सिनेमा में हॉरर शैली को नया आयाम देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि फिल्म अपनी रहस्यमयी कहानी और रोमांचक प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखेगी। रौशन सिंह ने कहा, “पिया का घर भोजपुरी दर्शकों के लिए एक अलग और रोमांचक अनुभव लेकर आ रही है। यह फिल्म सिर्फ डराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी कहानी, अभिनय और भावनात्मक पहलू भी दर्शकों को अंत तक जोड़े रखेंगे। हमें विश्वास है कि दर्शक इसे भरपूर प्यार देंगे और भोजपुरी सिनेमा में हॉरर शैली को नई पहचान मिलेगी।”
फिल्म में रितेश उपाध्याय, काजल राघवानी, पारुल ठाकुर, समर्थ चतुर्वेदी, संजय पांडेय, रीना रानी, संजीव मिश्रा, प्रेम दुबे, सृष्टि पाठक, काजल श्रीवास्तव, रीमा पाल सिंह, सोनी राज, अनीता ओझा, अनुराधा सिंह, सोनी सिंह, पुष्पेंद्र राय, प्रशांत द्विवेदी, पंकज झा, शीतल गुप्ता, खुशी सिंह, हर्षिता श्रीवास्तव और गुड़िया कुमारी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण शर्मिला आर. सिंह ने किया है, जबकि निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है। इसकी कहानी सुरेंद्र मिश्रा और विवेक मिश्रा ने लिखी है। संगीत ओम झा का है, जबकि गीत मनोज भावुक, धर्म हिंदुस्तानी, पिंकू बाबा और शानदारजी ने लिखे हैं।
फिल्म के छायांकन की जिम्मेदारी राज ठाकुर ने निभाई है। संपादन संतोष हरवाड़े, कोरियोग्राफी प्रवीण शेलार, बैकग्राउंड म्यूजिक असलम सुर्ती, पोस्ट प्रोडक्शन हमिंग बर्ड वीएफएक्स, साउंड डिजाइन 3 स्टूडियो, कला निर्देशन रामबाबू ठाकुर और कॉस्ट्यूम डिजाइन विद्या विष्णु ने किया है। प्रोडक्शन टीम में जितेंद्र गौर और सिद्धार्थ मिश्रा शामिल हैं। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म का संगीत एसआरके म्यूजिक के बैनर तले रिलीज किया जाएगा।

