लंदन, 05 अगस्त (वार्ता) एडन मारक्रम निजी कारणों के चलते दक्षिण अफ़्रीका वापस लौट गए हैं और वह द हंड्रेड का शेष सीज़न नहीं खेल पाएंगे। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने उनकी जगह पर न्यूज़ीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को अपने साथ जोड़ा है और मारक्रम की अनुपस्थिति में जॉस बटलर टीम की कमान संभालेंगे। दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ मारक्रम सुपर जायंट्स की तीनों फ्रेंचाइज़ (लखनऊ, डरबन और अब मैनचेस्टर) के लिए खेलते हैं और मार्च में नीलामी के बाद उन्हें पुरुष हंड्रेड के दल का कप्तान बनाया गया था। उनकी टीम ने दो जीत के साथ सीज़न का आग़ाज़ किया था लेकिन पिछले तीन मुक़ाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। उनका ख़ुद का फ़ॉर्म मिलाजुला रहा: मारक्रम ने चार पारियों में 67 रन बनाए जिसमें रविवार को द ओवल में लगाया गया अर्धशतक शामिल है।
फ्रेंचाइज़ी ने बुधवार को अपने बयान में कहा, “मैनचेस्टर सुपर जायंट्स पुष्टि करता है कि एडन मारक्रम निजी कारणों से दक्षिण अफ़्रीका वापस लौट गए हैं। सुपर जायंट्स में हर कोई मारक्रम को अपनी शुभकामनाएं देता है और इस साल प्रतिस्पर्धा में मारक्रम के योगदान के लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।” बुधवार को ओल्ड ट्रैफ़र्ड में वेल्श फ़ायर के ख़िलाफ़ मुक़ाबले से बटलर कार्यवाहक कप्तान के रूप में टीम की कमान संभालेंगे। बटलर द हंड्रेड के पहले तीन सीज़न में मैनचेस्टर (ओरिजिनल्स) की अगुवाई कर चुके हैं लेकिन 2025 की चैंपियंस ट्रॉफ़ी के बाद सफ़ेद गेंद में इंग्लैंड की कप्तानी छोड़ने के बाद वह पहली बार कप्तानी करते दिखाई देंगे।
35 वर्षीय ब्रेसवेल हाल ही में ग्लोबल सुपर लीग में लाौहर क़लंदर्स का हिस्सा थे और पिछले साल वह द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव का हिस्सा था। बुधवार के मुक़ाबले तक उनके पहुंचने की उम्मीद नहीं है लेकिन वह सुपर जायंट्स के अंतिम दो ग्रुप मुक़ाबलों के लिए उपलब्ध होंगे, जब सुपर जायंट्स प्लेऑफ़ में जगह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी। मारक्रम की अनुपलब्धता के चलते सुपर जायंट्स को पहली बार इस सीज़न में कोई बदलाव करना होगा। अब तक खेले पांच मुक़ाबलों में सुपर जायंट्स एक ही एकादश के साथ मैदान में उतरी है। दल में शामिल तवांडा मुयेये, मैक्स होल्डन, पॉल वॉल्टर, टॉम हार्टली, जेम्स सेल्स, जॉर्ज स्क्रीमशॉ और एडम फ़िंच को अब तक खेलने का मौक़ा नहीं मिला है।

