
शाजापुर। शहर में रंगों के पर्व होली का समापन रंगपंचमी के साथ हुआ और इस दिन भी सुबह से शाम तक शहरवासी रंगों में रंग कर टोलियों के रूप में घूमते रहे. जिन्हें जो भी जहां मिला, उसे अपने संग शामिल कर लिया, तो शहर में निकली फाग यात्रा ने हुरियारों के उत्साह में चार चांद लगा दिए, जिसमें शामिल हुलियारों ने लोगों पर पंपों से गुलाल की बौछार कर दी. शहर की हर गली और सडक़ रंग पंचमी के उत्साह का परिचय दे रही थी.
एक-दूसरे को रंगने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा. एक तरफ युवा वर्ग, तो दूसरी तरफ महिलाओं ने भी इस पर्व को धूमधाम से मनाया. इसके साथ ही रंगों के त्योहार होली पर्व का समापन भी हो गया. रंगपंचमी पर लोगों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को होली के पर्व को लेकर शनिवार शाम से ही लोगों ने तैयारी शुरू कर दी थी और जो भी मिला, उसे रंगों से सराबोर कर रंगपंचमी पर्व की शुभकामना दी. इसके बाद रविवार को अलसुबह से लोग अपने मित्रों और टोली को घर से निकालने में व्यस्त हो गए थे और एक-एक कर सभी आजाद चौक पहुंचे. जहां संगीतमय गीतों और ढोल ढमाकों की थाप के साथ पानी की बौछारों के बीच नाच-गाकर पर्व मनाया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी. साथ ही जमकर रंग-गुलाल भी उड़ाया. खास बात यह रही कि खाकी की मौजूदगी में सभी लोगों ने अनुशासन का परिचय दिया, जिसके चलते पुलिसकर्मी भी पर्व का आनंद लेते रहे.
फाग यात्रा का भी लिया आनदं…
हुरियारों की टोली दोपहर बाद आजाद चौक से निकली फाग यात्रा में शामिल हुई और उसमें भी हुरियारों ने जमकर रंग बरसाया, तो जमकर ढोल और बैंड की धुन पर बज रहे होली के गीतों पर झूमे भी. देखते ही देखते लोगों का हुजूम बढ़ता गया और बड़ी संख्या में लोग फाग यात्रा में शामिल हुए, जिसने पर्व के उत्साह को और बढ़ा दिया.
