रंगपंचमी पर नगरपालिका परिषद् ने निकाली रंगारंग फाग यात्रा

झाबुआ। नगरपालिका परिषद् द्वारा रंग पंचमी के पावन अवसर पर 8 मार्च, रविवार दोपहर शहर के राजवाड़ा से रंगारंग फाग यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं के साथ हर आयु वर्ग के लोगों ने सहभागिता की। युवाओं ने ढोल, बाजों और ताशों पर जमकर नृत्य किया। फाग यात्रा से शहर की सड़के रंगों से पूरी तरह पट गई‌। वहीं रंगपंचमी के अवसर पर शहर में दिनभर लोगों में रंग खेलने और पर्व का उत्साह नजर आया। नगरपालिका परिषद् द्वारा रविवार दोपहर 11 बजे से राजवाड़ा से फाग यात्रा की शुरुआत की गई। जिसमें आगे बैंड-बाजों पर होली और धार्मिक गीतों पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। ढोल-मांदल के साथ आदिवासी नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा में विशेष रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया, पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर, भाजपा जिला महामंत्री विजय चौहान, भाजपा खेल प्रकोष्ठ संयोजक शैलेष बिट्टू सिंगार, नगरपालिका अध्यक्ष कविता सिंगार, नपा उपाध्यक्ष लाखनसिंह सोलंकी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर पाठक के साथ भाजपा के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और वार्ड पार्षदगण शामिल हुए। गैर में वाहनों से लोगों पर रंगों की जमकर बौछार की गई। वहीं दो मशीनों से लोगों पर जमकर रंग बरसाया गया। रंगों से सराबोर होकर सभी ने होली खेलने का आनंद लिया। नगरपालिका परिषद् की ओर से सभी को रंगपंचमी की शुभकामनाएं प्रेषित की गई। इस दौरान मुख्य बाजार में व्यापारियों के प्रतिष्ठान भी बंद रहे। *करीब 3.30 घंटे किया शहर भ्रमण -* यह फाग यात्रा दोपहर 11 से 2.30 बजे तक निकाली गई। यात्रा शहर के राजवाड़ा से श्री गौवरधननाथ मंदिर तिराहा, आजाद चौक, बाबेल चौराहा, थांदला गेट, तेलीवाड़ा मोहल्ला, लक्ष्मीबाई मार्ग होते हुए पुनः समापन राजवाड़ा पर हुआ। जहां भी युवाओं की टोलियों ने रंग खेलने का आनंद लिया। उल्लेखनीय है कि रंगपंचमी को लेकर नगरपालिका परिषद् द्वारा शहर को फाग यात्रा के होर्डिंग्स, बैनर आदि से पाटा गया था। *दिनभर बना रहा उत्साह -* रंगपंचमी को लेकर शहर में दिनभर उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। बच्चों और युवाओं के साथ दोपहर में महिलाओं ने भी रंग खेलने का आनंद लिया। रविवार को शासकीय अवकाश होने से अधिकारी-कर्मचारियों के साथ व्यापारी वर्ग ने भी होली खेलने का आनंद उठाया। होली की मस्ती दिनभर शहर में छाई रहीं। देर शाम बाद बाजारों में विरानी भी देखने को मिली।

Next Post

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर जबरदस्त उत्साह, चौक-चौराहों पर बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने उमड़ी भीड़

Sun Mar 8 , 2026
भोपाल। राजधानी में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों, कैफे और सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी स्क्रीन और बड़े टीवी लगाकर मैच देखने की विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां बड़ी संख्या […]

You May Like

Play sound