इंदौर: सदर बाजार थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर चार लोगों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों के साथ मारपीट कर दी. आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ितों को धमकाया भी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी यशवंत बडोले ने बताया कि गफूर खां की बजरिया में रहने वाले यूसुफ पिता शकील कुरैशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि बड़वाली चौकी क्षेत्र के रहने वाले राजा कुरैशी, रफीक डालर, हनीफ और नाजिया ने उन्हें घेरकर विवाद किया.
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी. आरोपियों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और यूसुफ के साथ-साथ उनके भाई व साले के साथ भी अभद्रता करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की. विवाद के दौरान तीनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी. मामले में सदर बाजार थाना पुलिस ने यूसुफ की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
