कुंडेकसा में मंत्री डॉ. विजय शाह ने अस्थाई अस्पताल का किया निरीक्षण

बालाघाट, बैगा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के साथ 25 हजार की आबादी पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के प्रस्ताव भेजने के निर्देश

मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शुक्रवार को बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा पहुंचकर बीमार बच्चों एवं व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बनाए गए अस्थाई अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही अस्थाई अस्पताल में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से चर्चा कर उपलब्ध दवाओं तथा अन्य आवश्यक सामग्री की जानकारी ली।

 

मंत्री डॉ. शाह ने कुंडेकसा में एक एम्बुलेंस स्थायी रूप से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में एएनएम की आवश्यकता है, वहां पदस्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजे जाएं। उन्होंने पाथरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का प्रस्ताव तैयार करने के साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में 25 हजार की आबादी पर एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मापदंड के अनुसार अन्य पात्र स्थानों पर भी स्वास्थ्य केंद्र खोलने के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

 

बैगा जनजाति के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के शिविर लगेंगे

मंत्री डॉ. शाह ने कुंडेकसा में कहा कि बैगा जनजाति के लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शीघ्र ही विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में शामिल होने वाले बैगा जनजाति के लोगों के आने-जाने तथा भोजन की व्यवस्था जनजातीय कार्य विभाग द्वारा की जाएगी।

 

महिलाओं से राशन, स्वच्छता और पेयजल को लेकर की चर्चा

मंत्री डॉ. शाह ने बैगा जनजाति की महिलाओं से संवाद कर पूछा कि उन्हें नियमित रूप से राशन मिल रहा है या नहीं। महिलाओं ने बताया कि उन्हें राशन प्राप्त हो रहा है। मंत्री ने महिलाओं से सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा साफ एवं उबालकर पानी पीने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारी के कारण बच्चों की मृत्यु हुई है, जिसका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बैगा समाज के लोगों से मिलने, उनकी पीड़ा साझा करने और उन्हें यह भरोसा दिलाने के लिए भेजा है कि प्रदेश सरकार दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद करेगी।

 

कुपोषण दूर करने और आय का जरिया उपलब्ध कराने बनेगी थ्री लेयर नर्सरी

मंत्री डॉ. शाह ने बताया कि बैगा जनजाति में कुपोषण की समस्या को दूर करने और परिवारों को आय का अतिरिक्त जरिया उपलब्ध कराने के लिए जनजातीय कार्य विभाग द्वारा थ्री लेयर नर्सरी योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत बैगा हितग्राहियों को कंद वाली फसल, फल वाली फसल एवं बेल वाली फसलों के बीज सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना पर कार्य जारी है।

 

बैगा बहुल क्षेत्रों में खुलेंगे बैगा मार्ट

मंत्री डॉ. शाह ने समाजसेवी रामेश्वर कटरे द्वारा बैगा जनजाति की महिलाओं एवं बच्चों को कपड़े और चप्पल वितरित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के अन्य सक्षम एवं समाजसेवी लोगों को भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरों में संचालित मॉल की तर्ज पर बैगा बहुल क्षेत्रों में ‘बैगा मार्ट’ खोलने की दिशा में जनजातीय कार्य विभाग काम करेगा। इन मार्ट में बैगा जनजाति के लोगों के लिए कपड़े एवं अन्य आवश्यक सामग्री सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

 

स्कूल और आंगनबाड़ी तक पहुंच के लिए सीमेंट-कांक्रीट सड़क के निर्देश

मंत्री डॉ. शाह ने बैगा जनजाति बहुल ग्रामों में स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंच के लिए सीमेंट-कांक्रीट सड़कें बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कुंडेकसा की प्राथमिक शाला तक भी सीमेंट-कांक्रीट सड़क बनाए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर समाजसेवी रामेश्वर कटरे की ओर से बैगा महिलाओं को साड़ियां एवं चप्पल, बच्चों को कपड़े तथा मच्छरदानियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, लांजी विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगतसिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, बैहर एसडीएम श्री अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

ईरान के खिलाफ युद्ध 'नये दौर' में, अमेरिका की मुख्य रणनीति अब आर्थिक दबाव : वेंस

Fri Aug 21 , 2026
वाशिंगटन, 21 अगस्त (वार्ता) उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध के एक नये चरण में अमेरिका पहुंच गया है, जहां लक्ष्यों को हासिल करने के लिए आर्थिक दबाव ही अमेरिका का सबसे असरदार हथियार बन चुका है। उन्होंने यह बयान तब दिया जब ट्रंप […]

You May Like