मुंबई, 06 अक्टूबर (वार्ता) नेटफ्लिक्स की ‘चुंबक’ अपने मजेदार किरदारों और हल्के-फुल्के हास्य के कारण दर्शकों को पसंद आ रही है। शो में संदीपा धर किरण की भूमिका निभा रही हैं, जो बाकी अजीबोगरीब किरदारों के बीच सबसे समझदार नजर आती हैं।
शो का हिस्सा बनने के बारे में संदीपा ने कहा कि एक दिन उन्हें ‘चुंबक’ के निर्देशक आतिश कपाड़िया का फोन आया। उन्होंने बताया कि वह नेटफ्लिक्स और जेडी के साथ मिलकर नया शो बना रहे हैं और उनसे इसके लिए टेस्ट देने को कहा। संदीपा ने कहा, “उनकी बात सुनकर पहले तो मैं हैरान रह गई कि कॉमेडी और मैं? क्योंकि मैंने पहले कभी कॉमेडी नहीं की थी। लेकिन उनकी बात सुनकर मैंने हामी भर दी।”उन्होंने बताया कि आतिश कपाड़िया से मुलाकात के दौरान जिस अंदाज में उन्होंने पूरी कहानी सुनाई, वह और भी मजेदार था। संदीपा के अनुसार, आतिश ने हर किरदार को खुद निभाकर दिखाया, जिससे उन्हें ऐसा लगा जैसे वह कोई नाटक देख रही हों। उसी समय उन्होंने तय कर लिया कि उन्हें इस शो का हिस्सा बनना है।
अपने किरदार के बारे में संदीपा ने कहा कि किरण की भूमिका निभाना आसान नहीं था, क्योंकि वह शो की सबसे समझदार इंसान है। उन्हें अपने एक्शन के जरिए कॉमेडी करनी थी, लेकिन यह भी ध्यान रखना था कि उनके हाव-भाव बनावटी न लगें। इसको लेकर उन्होंने आतिश कपाड़िया से काफी चर्चा की। संदीपा के अनुसार , आतिश कपाड़िया की कहानी सुनाने की शैली और किरदारों को जीवंत करने की उनकी कला ने उन्हें ‘चुंबक’ से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। किरण के रूप में उनका सहज और संतुलित अभिनय शो की खासियत बनकर उभरा है।

