
सुठालिया/ब्यावरा। लखनवास क्षेत्र के ग्राम तुमडिया के समीप टॉयर से आईल बनाने वाली फेक्ट्री को बुधवार प्रशासनिक टीम ने जांच के बाद सील कर दिया. फेक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषित धुएं के कारण होने वाली परेशान को लेकर शिकायत के बाद यह कार्यवाई की गई.
नियमों को ताक पर रखकर यह फेक्ट्री चलाई जा रही थी. जांच के दौरान फेक्ट्री प्रबंधन इसके संचालन के कोई दस्तावेज नहीं दे सका. इसके बाद फेक्ट्री को सील करने की कार्यवाई की गई.
स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रदूषित धुआं
ग्राम तुमडिया के समीप पहाड़ी पर चल रहे ऑयल प्लांट पर टॉयर से तेल निकालने का कार्य किया जा रहा था. उक्त फेक्ट्री से निकलने वाला प्रदूषित धुआं स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक बताया जाता है. जानकारी के अनुसार यहां प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन नहीं होना सामने आया है. फेक्ट्री से उठने वाला धुआं आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रहा था जिसके कारण काफी दिक्कतों का सामना नागरिकों को करना पड़ रहा था. यही नहीं निरीक्षण के दौरान फेक्ट्री की चिमनी भी बंद मिली, खर्च बचाने, अन्य कारणों से ऐसा करना बताया जाता है. चिमनी बंद होने से प्रदूषित धुआं रहवासी क्षेत्रों में पहुंच रहा था. कर्मचारियों के अनुसार चिमनी की मोटर जल गई है, जिसके कारण चिमनियों में धुआं नहीं पहुंच पा रहा है, मोटर बन कर आने पर चिमनी चालू हो जाएगी. जबकि नियमानुसार ऐसे स्थानों पर एयर सिस्टम और ऊंची चिमनी होना चाहिए ताकि ऊंचाई पर धुआं जाए और इससे कोई प्रभावित न हो. परन्तु यहां धुएं से निकलने वाला काला धुआं रहवासी क्षेत्र तक पहुंच रहा था. जो कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. इतना अधिक काला धुआं यहां उठ रहा था कि प्लांट परिसर में सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था.
कई बार बता बताई समस्या
जानकारी के अनुसार उक्त फेक्ट्री से उठने वाला काला धुआं रहवासी क्षेत्र में पहुंच रहा था जिससे काफी परेशानी का सामना ग्रामीणों को करना पड़ रहा था. इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार आवेदन दिए. एसडीएम द्वारा जांच के आदेश दिए गये. इसके बाद सुठालिया तहसीलदार दोजीराम अहिरवार, पटवारी, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच में फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा इस संबंध में कोई कागजात,पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की एनओसी, जमीनी दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर फेक्ट्री को सील करने की कार्यवाई की गई.
फेक्ट्री में जांच की गई, यहां किसी प्रकार का कोई दस्तावेज नहीं मिला. मध्य प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ,के कागज,जमीन के कागज नहीं मिले है. फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं से आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एसडीएम ब्यावरा के आदेश पर कार्यवाई करते हुए फेक्ट्री को सील करने की कार्यवाई की है.
दोजीराम अहिरवार
तहसीलदार, सुठालिया
