मुंबई, 05 अगस्त (वार्ता) पीवीआर आईनॉक्स ने पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज की शुरुआत की है। यह एक नई और महत्वपूर्ण सिनेमा अवधारणा है, जो कंपनी के विकास के अगले चरण की शुरुआत का प्रतीक है। विशेष रूप से भारत के टियर-3 शहरों के लिए तैयार किए गए पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज में पीवीआर आईनॉक्स के विशिष्ट सिनेमाई अनुभव को पूंजी-कुशल विस्तार मॉडल के साथ जोड़ा गया है, जिससे देश के उभरते शहरी केंद्रों के दर्शकों तक विश्वस्तरीय सिनेमा का अनुभव अधिक सुलभ बनाया जा सके।
इस नई पहल की शुरुआत मुजफ्फरपुर से हो रही है, जो उत्तर बिहार के प्रमुख वाणिज्यिक और शैक्षणिक केंद्रों में से एक है। पीवीआर आईनॉक्स स्मार्ट सिनेमाज की शुरुआत के साथ कंपनी को उम्मीद है कि इससे प्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, राज्य और स्थानीय स्तर पर कर राजस्व में वृद्धि होगी, संगठित मनोरंजन अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और जिन बाजारों में यह सेवाएं देगा, वहां के रिटेल इकोसिस्टम के निरंतर विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

