नागोया (जापान), 21 सितंबर (वार्ता) इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) ने सोमवार को बताया कि थाई बैडमिंटन खिलाड़ी पिचामोन ओपतनिपुथ को डोपिंग रोधी नियम तोड़ने के आरोप में चल रहे 2026 एशियाई खेलों से अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है।
आईटीए ने कहा कि 17 सितंबर को नागोया में ओपतनिपुथ से लिए गए ‘आउट-ऑफ-कंपटीशन’ सैंपल में ‘फ्यूरोसेमाइड’ के लिए ‘एडवर्स एनालिटिकल फाइंडिंग’ (नकारात्मक परिणाम) मिली। वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी ने इस पदार्थ को ‘डाययुरेटिक्स’ और ‘मास्किंग एजेंट’ की श्रेणी में रखा है, जिस पर हर समय प्रतिबंध रहता है।
ओपतनिपुथ को इस मामले की जानकारी दे दी गई है और वर्ल्ड एंटी-डोपिंग कोड और ओसीए एंटी-डोपिंग नियमों के तहत मामले के समाधान तक उन्हें अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है।
आईटीए ने लिखा, “इसका मतलब है कि एथलीट एशियाई खेल आइची-नागोया 2026 के दौरान किसी भी प्रतियोगिता, ट्रेनिंग, कोचिंग या गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकता/सकती है।”
ओपतनिपुथ को ‘कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट’ के एंटी-डोपिंग डिवीजन के सामने इस सस्पेंशन को चुनौती देने और ‘बी-सैंपल’ के विश्लेषण का अनुरोध करने का अधिकार है।
आईटीए ने कहा कि जब तक कार्यवाही चल रही है, वह इस पर और कोई टिप्पणी नहीं करेगा।

