आदित्य सिंह सुदर्शन ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ से करेंगे फिल्मी डेब्यू

पटना, 21 सितंबर (वार्ता) आध्यात्मिक और सामाजिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाले पटना के आदित्य सिंह सुदर्शन फिल्म ‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ से बतौर लीड अभिनेता फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।आदित्य सिंह सुदर्शन आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज के पोते और पूर्व राज्यमंत्री अमिताभ गुंजन चुन्नू के पुत्र हैं। मोशन पल्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म नियो-नोयर साइकोलॉजिकल सर्वाइवल थ्रिलर बतायी जा रही है, जिसमें रोमांच, रहस्य और एक्शन के साथ नए तरह के विजुअल्स देखने को मिलेंगे। अभिनय के साथ आदित्य फिटनेस और खेलों में भी रुचि रखते हैं। गोल्फ, शूटिंग, कराटे और पोलो से जुड़े रहे आदित्य का कहना है कि शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी है। आदित्य ने बताया कि उनके माता-पिता बचपन से उन्हें प्यार से ‘हीरो बेटा’ कहकर बुलाते थे। यही संबोधन धीरे-धीरे उनके मन में अभिनेता बनने की इच्छा का आधार बना। उन्होंने कहा कि अभिनेता बनना उनके लिए केवल व्यक्तिगत सपना नहीं है, बल्कि उन लोगों की उम्मीदों से भी जुड़ा है, जिन्होंने हमेशा उनका साथ और विश्वास दिया है।

‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ को लेकर उत्साहित आदित्य ने इसे अपने लिए बेहद खास फिल्म बताते हुए कहा कि यह एक दुर्लभ और बेहतरीन फिल्म है। उन्होंने दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने और पूरी टीम को अपना प्यार एवं आशीर्वाद देने की अपील की। आदित्य ने कहा कि महादेव और माता-पिता के आशीर्वाद से उनके जीवन में बहुत कुछ नया आने वाला है। उनका सपना राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत, बिहार और बिहार के लोगों का प्रतिनिधित्व करना है। फिल्म का निर्देशन सुनील सिरवैया कर रहे हैं। उन्हें जी सिने अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है और वह ‘बनवास’ तथा ‘जीनियस’ जैसी फिल्मों में लेखन कर चुके हैं। फिल्म के संगीत का जिम्मा अंजन भट्टाचार्य संभाल रहे हैं, जिन्होंने ‘बेबी डॉल’, ‘हैंगओवर’, ‘चीटियां कलाइयां’ और ‘पार्टी तो बनती है’ जैसे लोकप्रिय गीतों में संगीत दिया है।
‘द मॉन्स्टर माइंड्स’ के जरिए आदित्य सिंह सुदर्शन की फिल्मी पारी शुरू होने जा रही है। फिल्म की कहानी, रहस्य और सर्वाइवल थ्रिल दर्शकों को कितना प्रभावित करती है, यह रिलीज के बाद सामने आएगा।

.....

Next Post

अमरकंटक रहा विकास की पहचान वैतरणी बस स्टैंड आज बदहाली का शिकार, यात्री सुविधाएं हुईं जर्जर

Mon Sep 21 , 2026
अमरकंटक, मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक जो एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन नगरी है । इसी नगरी का वैतरणी बस स्टैंड इन दिनों उपेक्षा और बदहाली का दंश झेल रहा है । कभी बेहतर यात्री सुविधाओं और सुव्यवस्थित निर्माण के लिए पहचान रखने वाला यह बस […]

You May Like