आष्टा। नगर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली मां पार्वती नदी के तट को अब एक नई और भव्य पहचान मिलने जा रही है. नपा द्वारा नदी तट के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है.
जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण नपाध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा एवं प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने पृथक-पृथक नपा अधिकारी एवं पार्षदों की उपस्थिति में किया.
नपाध्यक्ष श्रीमती मेवाड़ा द्वारा निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कमी पाए जाने पर सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति को दूरभाष पर अवगत कराते हुए मौके पर आकर कार्य को देखने के निर्देश दिए गए थे, इसके तारतम्य में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा द्वारा सीएमओ श्री प्रजापति की मौजूदगी में आज मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया तथा निर्माण कार्य में कमी पाए जाने पर संबंधित निर्माणकर्ता को निर्देशित कर कमी को दूर किया.
नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मेवाड़ा ने बताया कि इस परियोजना के तहत घाट को आकर्षक और धार्मिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. राजस्थानी लाल पत्थर पूरे तट और द्वार के निर्माण में विशेष नक्काशीदार लाल पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है, जो इसे राजस्थान के महलों जैसा भव्य स्वरूप प्रदान करेंगे. आकर्षक मुख्य द्वार नदी तट पर छोटे-छोटे और कलात्मक प्रवेश द्वार बनाए जा रहे है. सुंदरता एवं सुरक्षा की दृष्टि से नदी तट पर नक्काशीदार बाउंड्री का निर्माण भी शामिल है।
हाल ही में नपाध्यक्ष श्रीमती मेवाड़ा ने निर्माण स्थल का दौरा कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया.नपाध्यक्ष श्रीमती मेवाड़ा ने निर्माणकर्ता एजेंसी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री और नक्काशीदार पत्थरों की गुणवत्ता उच्च श्रेणी की होनी चाहिए। सौंदर्यीकरण का कार्य निर्धारित समय के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि नगरवासी जल्द ही भव्य घाट का लाभ उठा सकें.
