मुंबई, 21 सितंबर (वार्ता) अजय देवगन स्टारर और अभिषेक पाठक निर्देशित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ की अंतरराष्ट्रीय थिएट्रिकल रिलीज के लिए पैनोरमा स्टूडियोज और जी स्टूडियोज ने हाथ मिलाया है। फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में जयदीप अहलावत राजवीर सिंह तोमर की भूमिका में नजर आएंगे, जो एक ऐसे मामले को सुलझाने की कोशिश करते हैं जिसे हल करना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। प्रकाश राज भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जबकि तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने पुराने किरदारों में वापसी कर रहे हैं।
फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने लिखा है। फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं।
पैनोरमा स्टूडियोज और जी स्टूडियोज के बीच हुई साझेदारी के तहत फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में व्यापक थिएट्रिकल रिलीज देने की तैयारी है। निर्माताओं के अनुसार, इस साझेदारी का उद्देश्य भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ 02 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

