
भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं कालापीपल के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश में खड़ी और कटी हुई फसलों को आगजनी की घटनाओं से बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
अपने पत्र में चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश के कई जिलों, विशेषकर कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में गेहूं सहित अन्य फसलों की कटाई का कार्य चल रहा है और अनेक स्थानों पर कटी हुई फसल खेतों में ही रखी हुई है। बढ़ते तापमान और विद्युत लाइनों में होने वाली स्पार्किंग के कारण खेतों में आग लगने की घटनाएँ बढ़ रही हैं, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत कुछ ही मिनटों में नष्ट हो जाती है।
उन्होंने कालापीपल क्षेत्र के तिलावद गांव की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि वहाँ करीब 100 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
चौधरी ने सरकार से कृषि विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रखने के निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि विद्युत लाइनों से होने वाली स्पार्किंग के कारण आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके।
