हिमाचल के 150 सीबीएसई स्कूलों में तीन बार हाजिरी लगानी होगी

शिमला, 01 सितंबर (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कहा कि सरकारी सीबीएसई स्कूलों में अब दिन में तीन बार हाजिरी दर्ज की जाएगी। यह नियम सुबह आने के समय, लंच ब्रेक के दौरान और छुट्टी के समय लागू होगा।

श्री सुक्खू ने स्कूल शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के मद्देनजर यह निर्देश लागू करते हुए कहा कि राज्यभर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 150 सरकारी स्कूलों में निगरानी मजबूत करने और संस्थानों के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए दिन में तीन बार हाजिरी का नियम लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इन सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों और छात्रों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड भी तय किए जाने की बात कही।

शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड इस साल एक अक्टूबर से अनिवार्य कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तय ड्रेस खरीदने को आसान बनाने के लिए शिक्षकों को 5,000 रुपये की एकमुश्त विशेष आर्थिक सहायता दी जाएगी और छात्रों की स्कूल यूनिफॉर्म के बारे में एक सप्ताह के भीतर फैसला लिया जाएगा।

श्री सुक्खू ने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में पहले ही लगभग 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है और आने वाले समय में और शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि बच्चों को खासकर ग्रामीण इलाकों में पढ़ने वाले बच्चों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीबीएसई स्कूलों में और सुधार करने तथा छात्रों व शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये देगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद बेहतर शैक्षिक माहौल बनाते हुए यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण इलाकों के छात्रों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। श्री सुक्खू ने शिक्षा विभाग को इन उपायों को असरदार ढंग से लागू करने और सीबीएसई स्कूलों के कामकाज और सुविधाओं में लगातार सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Next Post

आईआईटी रोपड़ और सीआरआरआईडी के बीच एमओयू, एआई आधारित लोक नीति समाधानों पर होगा सहयोग

Tue Sep 1 , 2026
नई दिल्ली। अनुसंधान, प्रौद्योगिकी और साक्ष्य आधारित लोक नीति को बढ़ावा देने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ और सेंटर फॉर रिसर्च इन रूरल एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (सीआरआरआईडी), चंडीगढ़ के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत दोनों संस्थान अनुसंधान, प्रौद्योगिकी, लोक नीति, शैक्षणिक गतिविधियों […]

You May Like

मनोरंजन