
सौसर। घोघरा रिधोरा में आयोजित 15 दिवसीय ऑरेंज फेस्टिवल अपनी पूरी रंगत में है। संतरा उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और इस क्षेत्र की पहचान को वैश्विक पटल पर लाने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न ज्ञानवर्धक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
प्रसिद्ध विशेषज्ञ प्रवीण बेलखेड़े देंगे मार्गदर्शन
इसी कड़ी में 17 फरवरी को महाराष्ट्र के सुप्रसिद्ध संतरा विशेषज्ञ एवं उन्नतशील किसान प्रवीण बेलखेड़े मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बेलखेड़े संतरा उत्पादन और इस पर किए गए अपने महत्वपूर्ण रिसर्च के लिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं। वे स्थानीय किसानों को आधुनिक तकनीक, रोग नियंत्रण और बेहतर उत्पादन के गुर सिखाते हुए उनका मार्गदर्शन करेंगे।
कलेक्टर का होगा सम्मान
जिले के संतरे को ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत चयनित करने और इसे विशेष पहचान दिलाने के प्रयासों के लिए जिले के कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ का विशेष सम्मान किया जाएगा। उनके इस विजन से क्षेत्र के संतरा उत्पादकों को भविष्य में नई बाजार संभावनाएं प्राप्त होगी।
सांस्कृतिक संध्या: डाहाका वादन की प्रस्तुति
खेती-किसानी की चर्चा के साथ-साथ मनोरंजन का भी विशेष प्रबंध किया गया है। शाम 7 बजे विदर्भ के सुप्रसिद्ध गायक यादवराव कन्होलकर एवं उनके साथियों द्वारा डाहाका वादन की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। पारंपरिक कला की इस प्रस्तुति को लेकर ग्रामीणों और आगंतुकों में भारी उत्साह है।
प्रमोटर अजय चौरे एवं आयोजन समिति ने अधिक से अधिक किसानों और नागरिकों से इस महोत्सव में शामिल होकर लाभ उठाने की अपील की है।
