ओंकारेश्वर में माता की बाडिय़ों में गूंजे झालरिया गीत

ओंकारेश्वर: निमाड़ के प्रसिद्ध गणगौर उत्सव की पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ शुरुआत हो गई है। परंपरा के अनुसार माता का मायका ओंकारेश्वर माना जाता है, इसलिए यहां अन्य स्थानों की तुलना में एक दिन पहले चैत्र कृष्ण पक्ष की दशमी से गणगौर पर्व का शुभारंभ किया गया।उत्सव के छठवें दिन गणगौर माता को घुंघरी और लापसी का भोग अर्पित कर विधि-विधान से पूजन-पाठ और स्नान कराया गया।

देर रात तक माता की बाडिय़ों में निमाड़ के पारंपरिक ‘झालरिया’ लोकगीतों की गूंज सुनाई देती रही। बड़ी संख्या में महिलाएं बाड़ी स्थलों पर पहुंचकर रनूबाई के गीत, भजन और झालरिया गाते हुए पूजा-अर्चना कर रही हैं। ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग क्षेत्र के त्रिपुरी में बसे होने के कारण यहां तीन अलग-अलग स्थानों पर बाडिय़ां बोई जाती हैं। इनमें पंडित ललित दुबे (विष्णुपुरी), पंडित रामचंद्र परसाई (शिवपुरी) और गजानन गिरी (ब्रह्मपुरी) के निवास स्थानों पर विधि-विधान से माता के जवारे बोए गए हैं।

शाम होते ही महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाते हुए बाड़ी स्थलों पर पहुंच रही हैं और देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर जारी रहता है। तीनों बाडिय़ों में श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर माता रनूबाई के गीतों और भजनों में शामिल हो रहे हैं। उत्सव के क्रम में 20 मार्च को दूज के दिन माता का पाठ बैठाया जाएगा। इस अवसर पर बाड़ी स्थलों पर दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ेगी और जवारे की पूजा-अर्चना की जाएगी।

दोपहर में धनियर राजा बारात लेकर रनूबाई को लेने बाड़ी स्थल पर पहुंचेंगे। ममता दुबे ने बताया कि तीनों बाड़ी स्थलों पर देर रात तक भजन-कीर्तन का आनंद नगरवासी और श्रद्धालु ले रहे हैं। निमाड़ के पारंपरिक लोकगीतों से धार्मिक नगरी गुंजायमान हो रही है। रात्रि के समय बड़ी संख्या में महिलाएं बाड़ी स्थल पहुंचकर घुंघरी-लापसी का प्रसाद ग्रहण कर रही हैं।

Next Post

चेटीचंड महिला उत्सव: विविध प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मकता

Thu Mar 19 , 2026
नीमच: पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में चेटीचंड महिला उत्सव समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन उत्साह और रचनात्मकता से भरपूर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल जी को माला अर्पण एवं ज्योत प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें समाज की विभिन्न संस्थाओं […]

You May Like