सतना:मध्यप्रदेश के पॉलीटेक्निक महाविद्यालयों में नए सत्र के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेजों में प्रवेश की मुख्य प्रक्रिया आगामी 8 जून से प्रारंभ होने जा रही है।तकनीकी शिक्षा संचालनालय की काउंसलिंग समिति के अतिरिक्त संचालक डॉ. वाय. एस. ठाकुर के अनुसार, प्रथम चरण के लिए पंजीयन की प्रक्रिया 4 मई से शुरू होकर 29 मई तक चली थी। आवेदनों में संशोधन के लिए विद्यार्थियों को दो दिन का समय दिया गया था। 2 जून को आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 5 और 6 जून को प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। 6 जून को पहली चयन सूची घोषित कर दी जाएगी, जिसके आधार पर 8 जून से कॉलेजों में प्रत्यक्ष प्रवेश शुरू होंगे।
प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए महाविद्यालयों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। छात्राओं और अन्य विद्यार्थियों को समय पर सही जानकारी मिल सके, इसके लिए सहायता डेस्क बनाई गई हैं। कई अनुभवी शिक्षकों और कर्मचारियों को इस कार्य का प्रभार सौंपा गया है ताकि दस्तावेजों के सत्यापन और प्रवेश की अन्य औपचारिकताओं को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।
पॉलीटेक्निक कॉलेजों में दाखिले के इच्छुक ऐसे विद्यार्थी जो प्रथम चरण में स्थान नहीं पा सके हैं, उनके लिए द्वितीय चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया 09 जून से प्रारंभ होगी, जो 18 जून तक निरंतर चलेगी। इसके पश्चात, यदि कॉलेजों में सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो उन्हें भरने के लिए तृतीय चरण यानी संस्था स्तर की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया केंद्रीयकृत चरणों की समाप्ति के बाद शुरू होगी, जिसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 04 जुलाई से 12 अगस्त के बीच किए जा सकेंगे।
प्रभारी कमला अग्रवाल ने बताया कि पहले चरण के बाद रिक्त रहने वाली सीटों के लिए द्वितीय चरण की प्रक्रिया 9 जून से शुरू होगी, जो 18 जून तक चलेगी। इसके पश्चात भी यदि सीटें खाली रहती हैं, तो तृतीय चरण यानी संस्था स्तर की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 4 जुलाई से 12 अगस्त के बीच किए जा सकेंगे।
