
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी तथा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को सौंपा है।
इस संबंध में संगठन महासचिव डॉ संजय कामले और मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि कटारे ने अपने त्यागपत्र में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे थे, इसलिए उप नेता प्रतिपक्ष के पद से हटने का निर्णय लिया।
कटारे ने स्पष्ट किया है कि उनका इस्तीफा केवल पद से संबंधित है, पार्टी की सदस्यता से नहीं। वे कांग्रेस के साथ पूरी निष्ठा से जुड़े रहेंगे। उनके इस्तीफे को स्वीकार किया जाए या नहीं, इसका अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व के विवेक पर निर्भर करेगा।
