
बैतूल। रायपुर में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के लिए मध्यप्रदेश हॉकी टीम में बैतूल जिले के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुरुष वर्ग में पिंटू उईके, पलास कावरे और रोहित कुमरे का चयन किया गया है, जबकि महिला वर्ग में कुमारी भूमिका पांडरे और कुमारी देवश्री को टीम में स्थान मिला है। एक ही जिले से पांच खिलाड़ियों का चयन बैतूल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।इस चयन को जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभा के उभरते स्वरूप का प्रमाण बताया जा रहा है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 ऐसे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करेगा।इसके अलावा जिले के सीनियर खिलाड़ी राकेश आथनकर और रंजीत यादव को प्रतियोगिता में ऑफिशियल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो बैतूल के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों के चयन पर खेल से जुड़े पदाधिकारियों और पूर्व खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
