शुभ मुहूर्त का धमाका, सोयाबीन 11 हजार 111 के भाव बिका

आष्टा। दीपावली के लंबे अवकाश के बाद शुक्रवार को कृषि उपज मंडी और नवीन सब्जी मंडी में नए व्यापारिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ. शुभ मुहूर्त में हुई नीलामी में सोयाबीन ने 11,111 रुपए प्रति क्विंटल का भाव हासिल किया, वहीं किसान की लहसुन 33 हजार रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकी. इन शानदार भावों से किसानों और व्यापारियों में उत्साह नजर आया.

सुबह 10 बजे नवीन कृषि उपज मंडी परिसर बायपास में पूजा-अर्चना के साथ नीलामी की शुरुआत हुई. कृषि उपज मंडी में सोयाबीन, गेहूं, डॉलर चना, चना और मूंग सहित विभिन्न जिंसों की खरीदी की गई. शुभ मुहूर्त में व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई. सोयाबीन का 11,111 रुपए प्रति क्विंटल का भाव सौभाग्य अंकित ट्रेडर्स के माध्यम से संतोष झवर और अर्पित झवर को मिला. दीपावली अवकाश के बाद मंडी में कारोबार शुरू होने से किसानों और व्यापारियों की चहल-पहल भी बढ़ गई.

इधर नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में संचालित उन्नतिशील फल-सब्जी लहसुन-प्याज मंडी में भी दीपावली मुहूर्त पर नीलामी आयोजित की गई. नगर पुरोहित पंडित मनीष पाठक एवं मयूर पाठक की मौजूदगी में पूजा-अर्चना के बाद नीलामी शुरू हुई. शुभ मुहूर्त में ढाकनी निवासी किसान गोलू सिंह की लहसुन 33 हजार रुपए प्रति क्विंटल के भाव से बिकी. पार्वती ट्रेडिंग कंपनी के मनोज परसराम कुशवाह ने यह उपज खरीदी. किसान का अतिथियों एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने सम्मान किया.

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार, कृषि उपज मंडी सचिव नरेंद्र मेश्राम, नरेंद्र गंगवाल, गुलाब बाई ठाकुर, मुकेश नामदेव और अजय अर्जुन सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे. उन्नतिशील फल-सब्जी लहसुन-प्याज व्यापारी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद नरेंद्र कुशवाह ने अतिथियों और वरिष्ठजनों का सम्मान किया. मंडी सचिव नरेंद्र मेश्राम ने किसानों को आश्वस्त किया कि नीलामी, तौल और भुगतान की व्यवस्था सुचारू रखी जाएगी। उन्होंने हम्मालों और तुलावटियों को किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. साथ ही किसानों से उपज साफ-सुथरी करके मंडी लाने की अपील की, ताकि उन्हें अच्छे भाव मिल सकें.

 

 

Next Post

सोवियत क्रांति दिवस की वर्षगांठ पर कार्यक्रम, विश्व में कम्युनिस्ट आंदोलन के महत्व पर संगोष्ठी

Sat Nov 14 , 2026
ग्वालियर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला ग्वालियर कार्यालय सरवटे भवन हजीरा पर सोवियत क्रांति की वर्षगांठ के अवसर पर संगोष्ठी आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता बारेलाल पाल ने की. सभा का संचालन अनवर खान ने किया ।सोवियत क्रांति के परिणाम स्वरूप उससे कम्युनिस्ट आंदोलन और महत्व के साथ विश्व […]

You May Like