
सागर। मध्य प्रदेश के सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने सागर संभाग के सभी जिलों में रोगी कल्याण समितियों की बैठकें सतत रूप से करने के निर्देश दिए है। रोगी कल्याण समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का क्रियान्वयन भी जमीनी स्तर पर होना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की बैठक में सागर संभाग में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा है कि सागर संभाग में लगभग सभी जिलों में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के लिए मैदानी कर्मचारियों को निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित करें और सतत रूप से मॉनिटरिंग करें।कमिश्नर ने उक्त निर्देश स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा श्रम विभाग की संयुक्त बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में कमिश्नर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी दमोह एवं पन्ना को नोटिस जारी करने तथा चाइल्ड डेथ रिव्यू एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने के कारण संभाग के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को नोटिस जारी कर उनके विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सागर संभाग को दिए हैं।
कमिश्नर ने पन्ना जिले तथा निवाड़ी जिले में एनीमिक महिलाओं की समुचित स्क्रीनिंग नहीं होने पर पन्ना और निवाड़ी जिले के कलेक्टरों से चर्चा की तथा निर्देश दिए कि पन्ना और निवाड़ी जिले में एनीमिक महिलाओं की सतत रूप से स्क्रीनिंग की जाए तथा उन्हें समुचित उपचार भी मुहैया कराया जाए।बैठक में कमिश्नर ने बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में कैंसर रोग की चिकित्सा के लिए बनाए जा रहे चिकित्सालय की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस संबंध में बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉक्टर पीएस ठाकुर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज सागर में कैंसर के उपचार के लिए कैंसर अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से पूर्ण की जा रही है। उन्होंने बताया कि मेनपानी में स्नातकोत्तर स्तर के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों का निर्माण किया जा रहा है।
