भोपाल। प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में राजधानी के जैन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना का क्रम जारी है। पिपलानी स्थित श्री आदिनाथ जैन मंदिर में दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत श्रद्धालुओं ने मूलनायक भगवान आदिनाथ की विशाल पद्मासन प्रतिमा का श्रद्धा भाव से अभिषेक कर अष्ट द्रव्यों से पूजा-अर्चना की तथा विश्व कल्याण की भावना से शांतिधारा की।
प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि मंदिर में श्री आदिनाथ विधान के अर्घ समर्पित किए गए और प्रतिदिन आदिनाथ चालीसा तथा भक्तामर स्तोत्र का वाचन भी किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पालना सजाकर प्रभु आदिनाथ की प्रतिमा को झुलाया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, महिला मंडल की सदस्याएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
