टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को ज़िम्बाब्वे के हाथों 23 रन से हार का सामना करना पड़ा। सुपर 8 के लिए क्वालिफ़ाई करने की उम्मीदें अब खतरे में हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। इस वर्ल्ड कप के अपने दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 रनों से हार मिली है। आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ज़िम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके जवाब में ट्रैविस हेड की टीम 19.3 ओवर में 146 रन पर सिमट गई।
ज़िम्बाब्वे के खिलाफ यह हार ऑस्ट्रेलिया की इस टूर्नामेंट में पहली हार थी और अब सुपर 8 के लिए क्वालिफ़ाई करने की उनकी उम्मीदें खतरे में हैं। ग्रुप B की टॉप दो टीमों में जगह बनाने के लिए ऑस्ट्रेलिया को अपने बाकी दो मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे।
श्रीलंका से होगा ऑस्ट्रेलिया का अगला मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया का अगला मैच सोमवार (16 फरवरी) को पल्लेकेले में श्रीलंका के खिलाफ होगा और 20 फरवरी को ऑस्ट्रेलियाई टीम ओमान से भिड़ेगी। यदि ऑस्ट्रेलिया ये दोनों मैच जीत जाता है, तो सुपर 8 में क्वालिफ़ाई करने की संभावना बहुत बढ़ जाएगी। लेकिन अगर वे श्रीलंका से हार जाते हैं और ज़िम्बाब्वे, आयरलैंड या श्रीलंका के खिलाफ अपने बचे हुए मैच जीत जाता है, तो 2021 के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का ग्रुप स्टेज से बाहर होना तय है।
ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ की थी शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया ने 11 फरवरी को कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ 67 रन की प्रभावशाली जीत के साथ अपने T20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान की शानदार शुरुआत की थी। उस मुकाबले में टीम का प्रदर्शन संतुलित और आत्मविश्वास से भरा नजर आया था। हालांकि, ज़िम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। गेंदबाज़ी में ऑस्ट्रेलिया केवल दो विकेट ही हासिल कर सकी, जिससे विपक्षी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए मैट रेनशॉ ने 65 रन और ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और 23 रन से हार झेलनी पड़ी।
जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी बार हराया
यह नतीजा इसलिए भी चौंकाने वाला रहा क्योंकि T20 वर्ल्ड कप में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ यह ऑस्ट्रेलिया की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले 2007 के संस्करण में भी ज़िम्बाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया को उलटफेर का शिकार बनाया था। इतिहास ने एक बार फिर खुद को दोहराया और ऑस्ट्रेलियाई खेमे को झटका लगा। अब ग्रुप स्टेज में स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है। सुपर 8 में जगह पक्की करने के लिए ऑस्ट्रेलिया को अपने बचे हुए दोनों मुकाबलों में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, और बेहतर नेट रन रेट भी बनाए रखना होगा।
