मुंबई, 06 नवंबर (वार्ता) जिओहॉटस्टार ने अपनी आगामी सीरीज ‘ढाई चाल’ का टीजर जारी कर दिया है। छात्र राजनीति, महत्वाकांक्षाओं, दोस्ती और सत्ता के संघर्ष पर आधारित यह सीरीज कॉलेज परिसर की राजनीति और उसके बीच बदलते रिश्तों की कहानी पेश करेगी। सीरीज की कहानी इस सवाल से शुरू होती है कि छात्रों को राजनीति में उतरना चाहिए या अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसके बाद कहानी महत्वाकांक्षाओं, वफादारी, प्रतिद्वंद्विता और सत्ता की खींचतान के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। टीजर में कैंपस की राजनीति और उसके परिणामों की झलक दिखाई गई है।
‘ढाई चाल’ में गगन अरोड़ा, आदिल खान, अंकित सिवाच, राजेश कुमार, पारितोष सैंड, अंजलि तारतारी और ऋषिका लोर्के प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरीज के क्रिएटर रितेश शाह हैं, जबकि निर्देशन सतीश कुमकुमनाथ नायर और नव निर्माण सिंह ने किया है। फोकस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले भूषण सूरी, रितेश शाह और पार्थ सूरी ने इसका निर्माण किया है।
यह सीरीज 27 नवंबर को जिओहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।

