नवीन ने भाजपा मुख्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया

नयी दिल्ली, 06 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी मुख्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को मिट्ठाइयां बांटी और उन्हें दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में त्योहार का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुझाव पर उन्होंने महसूस किया कि दीपावली के इस अवसर पर सभी से मिलना अच्छा रहेगा। उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी हमेशा इच्छा रही है कि यह कार्यालय भी उतना ही जीवंत और उत्साहपूर्ण रहे। उन्होंने कहा, “यह कार्यालय तभी वास्तव में जीवंत होगा, जब आपके चेहरों पर मुस्कान होगी। आपके हाव-भाव और आपका काम ही इसकी पहचान तय करते हैं।”

श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन की तरह उनका लक्ष्य भी प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने कुछ व्यवस्थाएं की हैं। इनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए रोजाना पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करने की व्यवस्था भी शामिल है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ अंततः संगठन को मिलेगा, हालांकि वह जानते हैं कि इसके लिए सभी को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है।
श्री नवीन ने कहा, “आज मैं केवल आपको और आपके पूरे परिवार को अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। आप सभी भाजपा परिवार के सदस्य हैं।”

.....

Next Post

एनसीएलटी ने वीडियोकॉन के पूर्व प्रमोटर वेणुगोपाल धूत दिवालिया घोषित किया

Fri Nov 6 , 2026
नयी दिल्ली, 6 नवंबर (वार्ता) नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के 12,668 करोड़ रुपये के कर्ज नहीं चुकाने के मामले में वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के पूर्व प्रमोटर और निदेशक वेणुगोपाल नंदलाल धूत को दिवालिया घोषित कर दिया है। ट्रिब्यूनल ने वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज और […]

You May Like