
झाबुआ। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल की पहल और अति. पुलिस अधीक्षक पीएल कुर्वे के मार्गदर्शन में झाबुआ पुलिस द्वारा संचालित रक्षा सखी कार्यक्रम के अंतर्गत आज एक सशक्त जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सायबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। अभियान के अंतर्गत ग्राम रामा मंदिर फलिया, गुलरपाड़ा नवादेया फलिया, सेमलिया उमरकोट, तथा ग्राम बिजोरी (चौकी झकनावदा) में कार्यक्रम आयोजित किए गए। रक्षा सखी टीम द्वारा ग्रामीणों को 100 डायल सेवा, सायबर ठगी से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए यह संदेश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई न छोड़ें और कम से कम 12वीं तक की शिक्षा जरूर पूर्ण करें। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें और शिक्षा को प्राथमिकता दें।
