भारत के लिए शैली सिंह और देव मीणा पर रहेंगी नज़रें

ओर्डोस, 08 जुलाई (वार्ता) भारत, चीन के ओर्डोस में 9 से 12 जुलाई तक होने वाली एशियन अंडर 23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में 54 सदस्यों की टीम उतारेगा। पहली एशियन अंडर 23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप को भारत में लाइव स्ट्रीम पर देखा जा सकेगा। भारतीय टीम में कई उभरते हुए खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने सीनियर स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, जिनमें लॉन्ग जम्पर शैली सिंह और पुरुषों के पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक देव कुमार मीणा शामिल हैं।

कुलदीप कुमार भी इस प्रतियोगिता में शामिल हैं; उन्होंने इस साल की शुरुआत में राष्ट्रीय रिकॉर्ड साझा किया था, जिसे बाद में मीणा ने पूरी तरह अपने नाम कर लिया। शैली सिंह कॉन्टिनेंटल मीट में लॉन्ग जंप में अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगी। 22 वर्षीय शैली के नाम सीनियर एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दो मेडल – एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज़ – हैं और उनके पास 6.76 मीटर का अंडर 20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

देव मीणा और कुलदीप कुमार दोनों ने इस साल की शुरुआत में रांची में फेडरेशन कप में 5.45 मीटर की छलांग लगाई थी, जिसके बाद मीणा ने पिछले महीने भुवनेश्वर में इंटर-स्टेट्स प्रतियोगिता में 5.46 मीटर की छलांग लगाई थी। ये दोनों खिलाड़ी ओर्डोस में फिर से आमने-सामने होंगे। शिवम लोहकरे ने फ़ेडरेशन कप में पुरुषों के जैवलिन थ्रो इवेंट में 81.71 मीटर के अपने अब तक के सबसे अच्छे प्रदर्शन के साथ जीत हासिल करके सबको प्रभावित किया और चीन में होने वाली प्रतियोगिता में उन पर सबकी नज़र रहेगी। 2024 वर्ल्ड अंडर 20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर रेस वॉक में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाली आरती, ओर्डोस में 20 किमी रेस वॉक में हिस्सा लेंगी।

.....

Next Post

वार्ड 30 का पचखोरा पहुंच मार्ग गड्ढों में तब्दील, हर दिन जोखिम उठाकर गुजर रहे लोग

Wed Jul 8 , 2026
सिंगरौली :- नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 30 स्थित बिलौंजी-पचखोरा पहुंच मार्ग की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। पूरी सड़क जगह-जगह गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को यह अंदाजा तक नहीं लग पाता कि […]

You May Like