हंता वायरस कोविड जैसी महामारी का खतरा पैदा नहीं करताः डॉ. एडहॉनम घेब्रेयेसस

टेनरीफ (स्पेन), 10 मई (वार्ता) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने हंता वायरस से प्रभावित क्रूज जहाज ‘एमवी होंडियस’ के स्पेन के टेनरीफ आगमन को लेकर यहां के निवासियों की चिंताओं को दूर करते हुए आश्वासन दिया है कि यह स्थिति कोविड-19 जैसी महामारी का खतरा पैदा नहीं करती है। डॉ. घ्रेब्रेयेसस ने जोर देकर कहा कि हंता वायरस का प्रसार कोविड-19 जैसे श्वसन संबंधी वायरस की तरह नहीं होता है, इसलिए यह वैसा वैश्विक स्वास्थ्य खतरा नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस जहाज पर 23 देशों के लगभग 150 यात्री सवार हैं। महानिदेशक ने बताया कि इनमें से कई यात्री शोक में हैं और डरे हुए हैं। उन्होंने संबंधित सदस्य देशों को यात्रियों के प्रबंधन के बारे में जानकारी दी है और सलाह दी है कि अंतिम जोखिम के बिंदु से 42 दिनों की अवधि तक यात्रियों की सक्रिय निगरानी की जाए। टेनरीफ के लोगों को सीधे संबोधित करते हुए श्री घेब्रेयेसस ने कहा, “मैं जानता हूं कि आप चिंतित हैं… 2020 का दर्द अभी भी ताजा है, लेकिन यह कोई दूसरा कोविड-19 नहीं है। हंता वायरस से वर्तमान सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम कम बना हुआ है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि डब्ल्यूएचओ के आकलन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और एमवी होंडियस पर मौजूद वायरस हंता वायरस का ‘एंडीज स्ट्रेन’ है। हालांकि यह गंभीर है और इसमें तीन लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन आम जनता के लिए इसका जोखिम कम है।

महानिदेशक ने जानकारी दी कि वर्तमान में जहाज पर किसी भी यात्री में बीमारी के लक्षण नहीं हैं और एक डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञ वहां मौजूद है। स्पेनिश अधिकारियों ने कड़े नियंत्रण उपाय लागू किए हैं, जिसके तहत यात्रियों को पूरी तरह से घेराबंदी वाले कॉरिडोर के माध्यम से स्थानांतरित किया जाएगा ताकि जनता के साथ उनका कोई संपर्क न हो सके। डॉ. घेब्रेयेसस ने इस क्रूज जहाज को जगह देने के स्पेन के फैसले को एकजुटता और नैतिक कर्तव्य का कार्य बताया। उन्होंने इसके लिए स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ का व्यक्तिगत रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों के अनुरूप है, जो सुरक्षित और पर्याप्त चिकित्सा क्षमता वाले निकटतम बंदरगाह की पहचान करने की आवश्यकता पर जोर देते हैं। महानिदेशक ने निवासियों से शांत रहने का आग्रह करते हुए कहा कि वायरस राजनीति या सीमाओं को नहीं समझते और हमारी सबसे अच्छी प्रतिरक्षा एकजुटता है। उन्होंने खुद भी टेनरीफ का दौरा करने और इस अभियान का प्रत्यक्ष अवलोकन करने की इच्छा व्यक्त की।

Next Post

दबाव बनाया तो हमेशा के लिए बंद हो जाएगा होर्मुज जलडमरूमध्य : ईरान

Sun May 10 , 2026
तेहरान/वाशिंगटन, 10 मई (वार्ता) होर्मुज जलडमरूमध्य के संबंध में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के प्रस्ताव को बहरीन एवं अन्य देशों का समर्थन मिलने की रिपोर्टों के बीच ईरानी सैन्य अधिकारियों तथा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान पर दबाव जारी रहा तो होर्मुज को […]

You May Like