जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत बिनैकी में एक 25 वर्षीय नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर जहरीली वस्तु खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। पुलिस ने मृतका के मृत्यु पूर्व दिए गए बयानों और मर्ग जांच के आधार पर आरोपी पति और सास के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर के अनुसार, ग्राम बिनैकी निवासी 25 वर्षीय आकांक्षा पटेल ने 16 जून 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे अज्ञात जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया था।
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 17 जून 2026 को दोपहर 1:10 बजे उनकी मौत हो गई थी। मर्ग जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अस्पताल में इलाज के दौरान 16 जून 2026 को डॉक्टर एके वर्मा की उपस्थिति में कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा मृतका आकांक्षा पटेल के मृत्यु पूर्व कथन दर्ज किए गए थे। अपने इस अंतिम बयान में आकांक्षा ने आपबीती सुनाते हुए कहा था कि शादी के बाद से ही उसकी सास जमुना बाई उसे आए दिन प्रताड़ित करती थी, ताने मारती थी और मारपीट करती थी।
सास द्वारा उसके पति को भी लगातार भड़काया जाता था, जिससे पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। बयान के अनुसार, घटना से ठीक पहले आकांक्षा के माता-पिता भी दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने और अपनी बेटी का घर बसाने के लिए ससुराल आए हुए थे। लेकिन सास जमुना बाई किसी भी तरह की समझौता के लिए तैयार नहीं हुई और विवाद करती रही। इसी रोज-रोज के मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से पूरी तरह टूटकर आकांक्षा ने यह आत्मघाती कदम उठाया था।
