तेंदुआ को देख जान बचाकर भागे किसान

जबलपुर। कटंगी के आगे पोनिया गांव में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तेंदुआ ग्रामीणों को नजर आया जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। जानकारी के अनुसार पोनिया गांव में तेंदुआ रहवासी इलाकों में घूम रहा था जिसे देखकर लोग इधर उधर भागते नजर आए और कई तो अपने घरों में दुबक गए। कयास लगाए जा रहे हैं कि तेंदुआ जंगल की ओर से शिकार की तलाश में पोनिया गांव की सीमा में प्रवेश कर गया जिसने स्थानीय ग्रामीणों व किसानों की मुसीबतें बढ़ा दीं। तेंदुआ दिखते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएफओ ऋषि मिश्रा ने शहपुरा रेंजर सरिता सिंह के साथ वन विभाग की एक टीम मौके पर रवाना की। इस संबंध में शहपुरा रेंजर सरिता सिंह ने नवभारत को बताया कि कटंगी के आगे पोनिया गांव में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है जिसके बारे में पता लगाया जा रहा है।

इन इलाकों में लग चुके हैं पिंजरे

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने पाटन में एक, ओएफके में एक, सिहोरा रेंज में एक पिंजरा तेंदुआ को पकड़ने लगाया है। लेकिन अभी तक इनमें से कहीं भी पिंजरे में तेंदुआ नहीं फंसा है। जिससे स्थानीय ग्रामीणों में दिनों दिन दहशत व्याप्त होती जा रही है। सूत्रों की माने तो वन विभाग के पास पिंजरे सीमित संख्या में हैं जिनमें से अधिकांश अब लगाए जा चुके हैं। ऐसे में अब नए स्थान पर पिंजरा लगाना संभव नहीं हो पा रहा है।

जीसीएफ में नहीं थम रही दहशत

गौरतलब है कि विगत 19 दिसंबर को जीसीएफ, डिफेंस के ऑडिट ऑफिस के पास तेंदुआ नजर आया था जो कि वहंा लगे सीसी कैमरे में भी कैद हो चुका था। उधर जीसीएफ की न्यू कॉलोनी के पास भी तेंदुए का मूवमेंट पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है जिसको लेकर स्थानीय लोग काफी दहशत में समय काट रहे हैं। आलम ये है कि शाम ढलते ही लोग अपने-अपने घरों मेें कैद होने मजबूर हैं। उधर वन विभाग द्वारा लगातार इन इलाकों में मुनादी कराई जा रही है जिससे लोगों में सतर्कता बनी रहे।

Next Post

भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा अधिकारियों की ऊर्जा और नयी सोच महत्वपूर्ण : राधाकृष्णन

Mon Dec 22 , 2025
नयी दिल्ली 22 दिसम्बर (वार्ता) उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने में युवा अधिकारियों की ऊर्जा और नया करने की सोच महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। श्री राधाकृष्णन ने सोमवार को यहां उपराष्ट्रपति भवन में भारतीय […]

You May Like