
अशोकनगर। जिले में शासकीय कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर आदित्य सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। शाढौरा स्थित अनुसूचित जाति कन्या सीनियर छात्रावास (द्वितीय) की सहायक शिक्षक अधीक्षिका बालेश्री भगत को भोजन में कीड़े पाए जाने की शिकायत पर निलंबित कर दिया गया। इसी तरह मुंगावली कन्या जूनियर छात्रावास की अधीक्षिका प्रीति करोसिया को छात्राओं के अस्वस्थ होने और भय का वातावरण निर्मित करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
इसके अलावा, उप वन मंडल अधिकारी एसपी शाक्य, चंदेरी परियोजना समन्वयक महिला एवं बाल विकास, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर चंदेरी, विकासखण्ड समन्वयक एवं सीएसी सहित कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था और स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। कलेक्टर ने साफ कहा है कि शासन के निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
