छतरपुर। छतरपुर नगर के वार्ड नंबर 14 के रहवासियों ने नगर पालिका कार्यालय में पहुँचकर रोड निर्माण की मांग को लेकर ज़ोरदार प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे के करीब प्रदर्शन कर रहे नागरिकों ने नगर पालिका अधिकारियों को एक लिखित आवेदन भी सौंपा, जिसमें जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की गई।
वार्ड निवासी मुन्ना लाल अहिरवार ने बताया कि, हमारे बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है। रास्ते में चारों ओर कीचड़ फैला रहता है, जिससे न तो साइकिल निकल पाती है और न ही मोटरसाइकिल। तीन साल पहले नगरपालिका अध्यक्ष ने भूमि पूजन किया था, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी है।
रहवासियों का कहना है कि हर बरसात में हालत और भी खराब हो जाती है, जिससे न सिर्फ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि बीमारियाँ फैलने का खतरा भी बना रहता है।
नगर पालिका द्वारा यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं की जाती, तो नागरिकों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
