सीहोर। अब तक यातायात में बाधक बनने वाले दुपहिया और चारपहिया वाहन सोमवार से नोपार्किंग में मिले तो यातायात पुलिस द्वारा टोईंग वैन की मदद से इन वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा. कलेक्टर के सख्त आदेश के बाद सक्रिय हुए नपा प्रशासन और यातायात पुलिस ने शनिवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में संचालित हो रहे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को हिदायत दी गई तो सड़क के किनारे चूने की लकीर भी खींची गई है.
सड़कों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण दिन भर जाम के हालातों से जूझते लोगों की परेशानी को देखते हुए आखिरकार कलेक्टर बालागुरू के ने नगरपालिका प्रशासन और यातायात पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि यातायात को बाधित करने वाले वाहनों को जब्त करते हुए उनके मालिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई को अंजाम दिया जाए. नतीजतन शनिवार को नपा के सीएमओ सुधीर कुमार और यातायात प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़ ने शहर के पुराने हाईवे स्थित बस स्टैंड, सैकड़ाखेड़ी मार्ग सहित गंगा आश्रम में व्यवसायिक दुकानों व क्लीनिकों के सामने खड़े वाहनों को हटाने के लिए संबंधितों को निर्देश दिए. इस दौरान उन्होंने सख्त लहजे में प्रतिष्ठान संचालकों से कहा कि सोमवार से अगर उनकी दुकानों के सामने वाहन खड़े मिले तो उन्हें टोईंग वाहन से उठाते हुए जब्त कर लिया जाएगा. इसके अलावा चालानी कार्रवाई को भी अंजाम दिया जाएगा.
सड़क किनारे चूने की लकीर खींची
सीएमओ सुधीर कुमार और यातायात प्रभारी बृजमोहन धाकड़ के निर्देशन में नपा के अतिक्रमण प्रभारी तिलक खाती और अमले द्वारा सड़कों के किनारे पर चूने की लकीर खींची गई. इसके बाद दुकानदारों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देशित किया गया कि अगर उनकी दुकानों के सामने खिंची चूने की लकीर से बाहर वाहन खड़े पाए गए तो उन्हें यातायात पुलिस टोईंग वाहन से उठाकर ले जाएगी और वाहन मालिक के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी.
चुनौतीपूर्ण साबित होगा अभियान
नपा और यातायात पुलिस भले ही सख्त लहजे में दुकानदारों को समझा चुके हों, लेकिन वास्तविकता ठीक इसके विपरित होगी, क्योंकि बस स्टैंड स्थित एक कॉम्प्लेक्स सत्ताधारी दल के नेता का है जहां सड़क घेरकर खड़े वाहनों के कारण दिन में कई बार जाम के हालात बनते हैं, लेकिन यातायात पुलिस कार्रवाई करने में खुद को असहाय महसूस करती है. इसके अलावा गंगा आश्रम में भी डॉक्टरों के क्लीनिकों के सामने खड़े वाहनों की वजह से जाम लगता है, लेकिन वहां भी राजनीतिक दखल के चलते कार्रवाई नहीं हो पाती. अब देखना है कि यातायात पुलिस और नपा द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जो कदम उठाया गया है वह कितना कारगर साबित होता है. यह सोमवार से देखने को मिलेगा .
