इटारसी। छठ पूजा के मद्देनज़र रेल प्रशासन ने इटारसी जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारी की है। आरपीएफ के अनुसार, पर्व के दौरान 27 से 30 विशेष सवारी गाड़ियां प्रतिदिन इटारसी होकर चलेंगी, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। आरपीएफ के लगभग 80 जवानों के साथ 100 से अधिक सीआरपीएफ कर्मियों को खंडवा से जबलपुर तक तैनात किया गया है ताकि ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में अस्थायी टेंट लगाकर ठहरने की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें बाहर भटकना न पड़े। आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि रेल प्रशासन छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
