चुस्त चोरों को पुलिस ने महज 24 घंटे में किया पस्त, पुलिस कार्रवाई से पीड़ित परिवार की तबीयत हुई मस्त

हटा/दमोह।नगर हटा के समीपस्थ ग्राम बोरी कला में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोरों ने घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए थे, लेकिन हटा पुलिस ने भी जिला पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया के निर्देशन में व हटा एसडीओपी केपी सिंह के मार्गदर्शन में इसे चुनौती के रूप में लेते हुए अपनी सक्रियता दिखा दी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आजाद वार्ड निवासी मुरारी चौरसिया ने थाना हटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे श्याम चौरसिया का मकान नागबाबा के पास बोरी कला में है। 10 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे श्याम अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर इंदौर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे भतीजे के पड़ोसी ने मकान का मुख्य गेट खुला और ताला टूटा होने की सूचना दी। तब मै सूचना मिलते ही परिजन के साथ मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला और चोरी की वारदात सामने आई।

*ऐसे मिला सुराग, चोर तक पहुंची पुलिस*

चोरी की सूचना मिलते ही हटा पुलिस ने तत्काल घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने चोरों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया, वहीं इलाके के संदिग्ध लोगों से पूछताछ का सिलसिला भी शुरू कर दिया गया। पुलिस की टीम लगातार संभावित संदिग्धों और घटना से जुड़े सुरागों को खंगालने में जुटी रही। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर तंत्र और संदिग्ध लोगों से पूछताछ के जरिए महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। पुलिस की नजर एक ऐसे व्यक्ति पर गई, जो घटना के बाद अचानक पैसे खर्च करता हुआ दिखाई दे रहा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे धरदबोचा और पूछताछ शुरू की। पूछताछ में जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ती गईं, चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस के अनुसार आरोपी अन्ना अख्तर पिता नूर खान उर्फ कलू मुसलमान, निवासी हटा ने अपने साथी महेंद्र आदिवासी निवासी नीमन तिगड्डा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 80 हजार रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया।

*यह सामान हुआ था चोरी*

चोरों द्वारा मकान से इन्वर्टर की बैटरी, टीवी का सेट-टॉप बॉक्स, चांदी की दो पायल, संतान साते की चूड़ी, चांदी के पूजा के सिक्के सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़े गए आरोपी से चोरी गए कीमत करीब 80000 रुपए के सामान को बरामद कर लिया है। मामले में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना हटा में अपराध क्रमांक 468/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर चोरी की वारदात का खुलासा किया।

*एक आरोपी फरार*

पुलिस ने आरोपी अन्ना अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि उसका साथी महेंद्र आदिवासी अभी फरार है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी, एसआई अरविंद राय, प्रधान आरक्षक प्रकाश, प्रधान आरक्षक महेंद्र, आरक्षक रामसिंह, विजय, मोहन साहू एवं पवन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महज 24 घंटे में चोरी का खुलासा कर आरोपी को पकड़ने और चोरी का माल बरामद करने की पुलिस कार्रवाई से जहां चोरों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं पीड़ित परिवार ने भी राहत की सांस ली है एवं पीड़ित पक्ष ने पुलिस थाना पहुंचकर मीडिया कर्मियों को बताया कि पुलिस ने सक्रिय कार्यवाही करते हुए हमारे घर में हुई चोरी पकड़ ली है एवं हम पुलिस का धन्यवाद देते है।

Next Post

एवी प्राइम की डीलर मीट में जुटे 200 से अधिक डीलर्स

Sun Sep 13 , 2026
जबलपुर। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड एवी प्राइम की डीलर मीट में शुक्रवार को होटल सोन एलिजे में 200 से अधिक डीलर्स जुटे। आगामी दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए कंपनी ने नई उत्पाद श्रृंखला के साथ अपनी व्यावसायिक योजनाएं और स्कीम्स साझा कीं, वहीं डीलर्स ने उत्पादों में […]

You May Like