
भोपाल। राजधानी में संपत्ति बाजार की नई तस्वीर अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में देखने को मिल सकती है। शनिवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में कलेक्टर गाइडलाइन के संशोधित प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया गया। प्रस्ताव के अनुसार जिले में औसतन 1.5 प्रतिशत दर वृद्धि का सुझाव रखा गया है, जबकि शहर की चुनिंदा 621 लोकेशनों पर अधिकतम 11 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है।
बैठक में वर्ष 2025-26 के पंजीयन आंकड़ों, बाजार दरों और विकास गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। जिन क्षेत्रों में रजिस्ट्री की संख्या और बाजार मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है, वहां दरों में अधिक संशोधन की जरूरत बताई गई। टी एंड सीपी से अभिन्यास स्वीकृति और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से 38 स्थान, नए राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और रिंग रोड के प्रभाव से 18 क्षेत्र तथा औद्योगिक एवं विशेष आर्थिक गतिविधियों के कारण 3 स्थान प्रभावित पाए गए।
समीक्षा के दौरान एक ही वार्ड में स्थित कॉलोनियों की दरों में असमानता को संतुलित करने पर भी जोर दिया गया। पंजीयन अधिकारियों के सर्वे, चेंज डिटेक्शन और उच्च मूल्य के दस्तावेजों के आधार पर कई अतिरिक्त लोकेशन को भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है।
अब संशोधित दरें ‘संपदा 2.0’ पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी, जहां आम नागरिक अपने सुझाव दर्ज कर सकेंगे। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जियो-टैगिंग और स्थल निरीक्षण की व्यवस्था को भी सख्ती से लागू किया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्य और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
