नेटफ्लिक्स को भारत में पाकिस्तान मूल की सामग्री प्रसारित नहीं करने के निर्देश

नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को मई 2025 में जारी एडवाइजरी का पालन करते हुए पाकिस्तान मूल की किसी भी सामग्री को भारत में दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने का निर्देश दिया है।

सूत्रों के अनुसार मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जून 2025 में सरकार को दिये गये अपने आश्वासन पर कायम रहने को कहा है। उस समय नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को सूचित किया था कि उसके भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं करायी जा रही है। मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से अपनी इसी स्थिति को बरकरार रखने और पाकिस्तान मूल की सामग्री के प्रसारण से बचने को कहा है।

दरअसल मंत्रालय को कई शिकायतें और प्रतिवेदन मिले थे, जिनमें पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारतीय नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने की आशंका जतायी गयी थी। यह सीरीज पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के चर्चित उपन्यास पर आधारित है। शिकायतों के बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पूर्व में दिये गये आश्वासन का पालन सुनिश्चित करने की याद दिलायी है।

गौरतलब है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मई 2025 में ओटीटी प्लेटफॉर्म और अन्य संबंधित पक्षों को एडवाइजरी जारी कर पाकिस्तान मूल की सामग्री को भारत में उपलब्ध नहीं कराने को कहा था। यह फैसला 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव की पृष्ठभूमि में आया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने सात मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था।

मंत्रालय के ताजा निर्देश से एक बार फिर भारत में काम कर रहे डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारियों और सरकारी एडवाइजरी के अनुपालन का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

 

Next Post

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेह प्रशासन ने किया तलब

Thu Nov 26 , 2026
श्रीनगर, 26 नवंबर (वार्ता) लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में लेह प्रशासन ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तलब किया है और उनसे जवाब मांगा है कि लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) के आगामी चुनावों के मद्देनजर शांति बनाए रखने के लिए उन्हें बॉन्ड भरने के लिए क्यों न कहा […]

You May Like