श्रीनगर, 26 नवंबर (वार्ता) लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में लेह प्रशासन ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तलब किया है और उनसे जवाब मांगा है कि लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) के आगामी चुनावों के मद्देनजर शांति बनाए रखने के लिए उन्हें बॉन्ड भरने के लिए क्यों न कहा जाए।
श्री वांगचुक ने गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें संविधान दिवस पर समन मिला है और वह अपना पक्ष रखने के लिए मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होंगे।
लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट डेलेक्स नामग्याल द्वारा 25 नवंबर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 126 और 130 के तहत जारी किए गए नोटिस में 23 नवंबर को लेह के एनडीएस मेमोरियल पार्क में आयोजित एक सभा के दौरान श्री वांगचुक द्वारा कथित रूप से की गई टिप्पणियों का उल्लेख किया गया है।
नोटिस के अनुसार, श्री वांगचुक ने कथित रूप से सरकारी कर्मचारियों से चुनाव के दौरान सामूहिक छुट्टी पर जाने की अपील की, लोगों से सर्दियों में चुनाव कराए जाने का विरोध जारी रखने का आग्रह किया और 26 नवंबर को एक जनसभा करने तथा उसके बाद 27 नवंबर से चार दिसंबर (मतदान के दिन) तक भूख हड़ताल करने का आह्वान किया।
प्रशासन ने कहा कि एलएएचडीसी चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बीच इन टिप्पणियों से शांति-व्यवस्था भंग होने या सार्वजनिक व्यवस्था में खलल पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई है। प्रस्तावित बॉन्ड की राशि 10,000 रुपये है जिसमें 10,000-10,000 रुपये की दो जमानतें भी शामिल हैं। यह बॉन्ड आदेश जारी होने की तारीख से एक महीने के लिए प्रभावी रहेगा।
श्री वांगचुक ‘लेह एपेक्स बॉडी’ (एलएबी) के सदस्य भी हैं। यह लद्दाख का एक प्रभावशाली सामाजिक-राजनीतिक मंच है जो ‘कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस’ (केडीए) के साथ मिलकर लद्दाख को राज्य का दर्जा दिलाने और इसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल कराने के आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है।
नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री वांगचुक ने कहा कि उन्होंने हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि वह उपायुक्त कार्यालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होंगे और अपना पक्ष रखेंगे।
उन्होंने एक्स पर लिखा, “यह स्पष्ट है कि मैंने हमेशा विरोध के शांतिपूर्ण तरीकों जैसे धरना और अनशन को ही अपनाने का आग्रह किया है, यहां तक कि माइनस 15 डिग्री की कड़ाके की ठंड में भी; इसमें हम खुद को ही कष्ट देते हैं, किसी और को नहीं। यह अलग बात है कि अक्सर मेरी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जाता है ताकि लोग वही सुनें जो वे सुनना चाहते हैं। अच्छी बात यह है कि इस बार मेरे पास पर्याप्त दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं, ठीक वैसे ही जैसे पिछले साल एनएसए मामले के दौरान थे।”
उल्लेखनीय है कि 2019 में लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश का गठन होने के बाद पहले एलएएचडीसी चुनाव चार दिसंबर को होने वाले हैं।
