तेलंगाना में राजनीतिक मतभेदों के कारण लिफ्ट सिंचाई योजना से जुड़े तथ्य धुंधले पड़ रहे : जगन मोहन रेड्डी

विजयवाड़ा, 26 नवंबर (वार्ता) आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने कहा है कि ‘रायलसीमा लिफ्ट योजना’ को लेकर तेलंगाना की पार्टियों के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी से वास्तविक तथ्य धुंधले पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए लेकिन वह कांग्रेस के साथ अपनी करीबी दोस्ती को बचाने के लिए चुप बैठे हैं।

गुरुवार को यहां एक बयान में श्री रेड्डी ने स्पष्ट किया कि वाईएसआरसीपी शासन के दौरान शुरू की गई ‘रायलसीमा लिफ्ट योजना’ कोई नई परियोजना नहीं है। उन्होंने बताया कि इसमें पानी का कोई अतिरिक्त आवंटन, नई नहरें, अतिरिक्त जलाशय या अतिरिक्त सिंचित क्षेत्र शामिल नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि यह एक तरह की बीमा योजना है जिसे उसी कृष्णा नदी के पानी का अधिक प्रभावी तरीके से उपयोग करने के लिए बनाया गया है। इसमें पानी का आवंटन वही रहेगा और पोथिरेड्डीपाडु से निकलने वाली उन्हीं नहरों का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि रायलसीमा की उन परियोजनाओं को लाभ मिल सके जहां अक्सर सूखे की स्थिति बनी रहती है।

श्री रेड्डी ने कहा, “कई दशकों से राज्य में कृष्णा नदी के माध्यम से पहुंचने वाले पानी की मात्रा कम होती जा रही है। ऊपरी इलाकों से पानी का बहाव कम होना एक समस्या है। एक और गंभीर चिंता यह है कि जो थोड़ा-बहुत पानी नीचे की तरफ पहुंचता भी है उसे भी तेलंगाना बिजली उत्पादन के नाम पर अपनी मर्जी से छोड़ देता है।”

उन्होंने बताया कि पोथिरेड्डीपाडु हेड रेगुलेटर द्वारा श्रीशैलम से 44,000 क्यूसेक की पूरी क्षमता के साथ पानी लेने के लिए जलाशय का स्तर कम से कम 880 फीट होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर यह स्तर 854 फीट से नीचे चला जाता है तो बिल्कुल भी पानी नहीं लिया जा सकेगा। साथ ही यह भी निश्चित नहीं है कि जलाशय का स्तर कितने दिनों तक 880 फीट से ऊपर बना रहेगा। उन्होंने कहा कि परिणामस्वरुप रायलसीमा के लिए पीने के पानी एवं सिंचाई आवश्यकताओं को पूरा करना लगातार मुश्किल हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना 800 फीट के स्तर से श्रीशैलम का पानी लेने की योजना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “योजना के अनुसार, पलामुरु-रंगारेड्डी परियोजना के जरिए 1.5 टीएमसी, डिंडी के जरिए 0.5 टीएमसी, कलवाकुर्थी के जरिए 0.4 टीएमसी और एसएलबीसी के जरिए 0.5 टीएमसी पानी प्रतिदिन निकालने की क्षमता है। इन सभी परियोजनाओं को मिलाकर प्रतिदिन लगभग तीन टीएमसी पानी निकालने की व्यवस्था की गई है। तेलंगाना बिजली उत्पादन के लिए 800 फीट के स्तर से भी पानी छोड़ रहा है।”

उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों में, वाईएसआरसीपी सरकार ने एक विकल्प के रूप में ‘रायलसीमा लिफ्ट योजना’ को अपनाया था। जब पोथिरेड्डीपाडु के ज़रिए श्रीशैलम से पानी नहीं निकाला जा सकता तब इस योजना के तहत पानी को ऊपर उठाकर मौजूदा पोथिरेड्डीपाडु नहर प्रणाली में भरा जाता है जहां से यह पानी उन जलाशयों तक पहुंचता है जो पहले से ही इस्तेमाल में हैं।

उन्होंने सवाल किया, “अगर पानी आवंटित किया गया है लेकिन उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता तो ऐसे आवंटन का क्या मतलब है? चूंकि इस योजना में पानी का कोई अतिरिक्त आवंटन या जलाशय शामिल नहीं है तो इससे किसे और कैसे नुकसान पहुंचता है? क्या लोगों के लिए पानी सुरक्षित करने के उद्देश्य से बनाई गई किसी योजना को एक बड़ा खतरा बताना उचित है?”

श्री रेड्डी ने आलोचना करते हुए कहा कि दुर्भाग्यवश चंद्रबाबू नायडू के सत्ता में आते ही ‘रायलसीमा लिफ्ट योजना’ का काम रोक दिया गया जो लगभग पूरी हो चुकी थी। ऐसा शायद इसलिए किया गया क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि इसका श्रेय जगन रेड्डी को मिले।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “परियोजना को पूरा करने एवं आपत्तियों से निपटने में इसकी आवश्यकता को मजबूती से समझाने के बजाय उन्होंने ‘हॉटलाइन राजनीति’ के कारण इसे बलि चढ़ा दिया। ऐसे समय में जब यह क्षेत्र सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहा है इस कदम ने लोगों की उस पानी का उपयोग करने की क्षमता को कमजोर कर दिया है जो पहले ही उन्हें आवंटित किया जा चुका था और इसने रायलसीमा की जीवनरेखा को खतरे में डाल दिया है। किसी ऐसी परियोजना पर अनावश्यक आरोप लगाना गलत है जिससे किसी को कोई नुकसान नहीं होता।”

Next Post

संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर जनता को कर रहे गुमराह: योगी

Thu Nov 26 , 2026
लखनऊ, 26 नवंबर ( वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह करने में […]

You May Like

मनोरंजन