
जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक पाँच पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब मुंबई जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना जीआरपी और आरपीएफ को मिली। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ट्रेन को तत्काल प्लेटफार्म नंबर 5 पर रोककर सघन जांच अभियान शुरू किया गया। सूचना मिलते ही स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया, कई लोग ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म पर आ गए। रेलवे पुलिस ने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर हटाया और ट्रेन के सभी डिब्बों को खाली कराया। इसके बाद बम स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और तकनीकी जांच दल ने ट्रेन के हर कोच, टॉयलेट, लगेज रैक, अंडर कैरिज और पेंट्री कार तक की बारीकी से तलाशी ली। करीब आधे घंटे तक चली सघन जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु, बैग या सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि बम की सूचना पूरी तरह से फर्जी और शरारतपूर्ण थी। अधिकारियों ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने झूठी सूचना देकर अफरा-तफरी फैलाने की कोशिश की। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह कॉल या सूचना कहां से दी गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
इनका कहना है
महानगरी एक्सप्रेस में बम की सूचना मिलने के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हुईं। पूरी जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। यह अफवाह एक शरारत थी। फर्जी सूचना देने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संजीवनी राजपूत, थाना प्रभारी, जीआरपी
