नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) भारत ने 2008 के मुंबई हमलों में अपनी भूमिका के लिए अमेरिका में दोषी ठहराए गए पाकिस्तानी-कनाडाई व्यवसायी तहव्वुर हुसैन राणा के पाकिस्तान के साथ संबंधों की जांच के सिलसिले में अमेरिका से मदद मांगी है।
राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) ने गृह मंत्रालय के जरिए अमेरिकी अधिकारियों से औपचारिक रूप से संपर्क किया है। यह कदम मुंबई आतंकवादी हमलों के पीछे के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और जरूरी सबूत जुटाने के भारत के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एनआईए ने अपने अमेरिकी समकक्षों को कुछ विशिष्ट प्रश्न भेजे हैं, जिनमें राणा के पाकिस्तानी संस्थाओं के साथ संभावित संबंधों के बारे में जानकारी मांगी गई है। एनआईए के एक अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया, “जानकारी जुटाने में कुछ प्रगति हुई है। हमने अमेरिका को कुछ प्रश्न भेजे हैं और वर्तमान में उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।”
एनआईए ने जुलाई महीने में डेविड कोलमैन हेडली, तहव्वुर हुसैन राणा और लश्कर-ए-तैयबा एवं हूजी के अन्य सदस्यों द्वारा भारत के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी हमले करने की आपराधिक साजिश रचने के मामले में उसके खिलाफ एक पूरक आरोपपत्र दायर किया था।
