मुंबई, 11 फरवरी (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री काजल राघवानी की नई फिल्म “पिया का घर” की शूटिंग उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुरू हो गई है। एसआरके म्यूजिक प्रा. लि. के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शूटिंग के पहले ही दिन सेट पर कलाकारों और तकनीकी टीम के बीच जबरदस्त ऊर्जा देखने को मिली। काजल राघवानी ने कहा कि “पिया का घर” एक खूबसूरत पारिवारिक और भावनात्मक कहानी पर आधारित फिल्म है, जिसमें रिश्तों की गहराई, प्यार और संस्कार को बहुत ही संवेदनशील तरीके से दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस फिल्म की कहानी दर्शकों को अपने परिवार और अपनों की अहमियत का एहसास कराएगी।” काजल राघवानी ने कहा कि जौनपुर की खूबसूरत लोकेशन पर शूटिंग का अनुभव बेहद शानदार रहा और पूरी टीम के साथ काम करके उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों को जरूर पसंद आएगी और उनके दिलों में खास जगह बनाएगी।
फिल्म के निर्माता रौशन सिंह और सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह हैं, जबकि निर्देशन की कमान संजय श्रीवास्तव संभाल रहे हैं। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी राज ठाकुर निभा रहे हैं।
निर्माता रौशन सिंह ने कहा कि “पिया का घर” दर्शकों को पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक जुड़ाव की एक खूबसूरत कहानी पेश करेगी। फिल्म के भव्य लोकेशन और मजबूत स्टारकास्ट को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि रिलीज के बाद यह भोजपुरी दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय होगी। फिल्म एक पारिवारिक और भावनात्मक कहानी पर आधारित है, जिसमें रिश्तों, प्रेम और संघर्ष की झलक देखने को मिलेगी।
इस फिल्म में काजल राघवानी के साथ रितेश उपाध्याय मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा परुल ठाकुर, रीना रानी, समर्थ चतुर्वेदी, रीमा सिंह, सृष्टि पाठक, काजल श्रीवास्तव, संजीव मिश्रा, सोनी राज, संजय पांडेय और प्रशांत द्विवेदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

