नई दिल्ली | टी20 वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत के बाद भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले हाई-वोल्टेज मैच और नामीबिया के साथ होने वाले मुकाबले से पहले स्टार सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट की समस्या के चलते टीम के अभ्यास सत्र से बाहर हो गए हैं। सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने पुष्टि की है कि अभिषेक वर्तमान में असहज महसूस कर रहे हैं और चिकित्सा दल की निगरानी में हैं। हालांकि प्रबंधन को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएंगे, लेकिन पाकिस्तान जैसे बड़े मैच से पहले उनकी अनुपस्थिति ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की चिंता बढ़ा दी है।
संकट के बीच टीम के लिए राहत भरी खबर यह है कि ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर फिट होकर टीम के साथ जुड़ गए हैं। उन्होंने मंगलवार को नेट्स पर जमकर पसीना बहाया और मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी रणनीति चर्चा की। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। करीब 10 दिनों बाद गेंदबाजी पर लौटे बुमराह ने अभ्यास सत्र में अपनी घातक रफ्तार और सटीक यॉर्कर से कप्तान सूर्यकुमार यादव को क्लीन बोल्ड कर अपनी फिटनेस का लोहा मनवाया। कोच डोएशे ने बताया कि बुमराह अब पूरी तरह लय में हैं और मैच खेलने के लिए तैयार दिख रहे हैं।
अभिषेक शर्मा की अनिश्चितता के बाद अब टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी को लेकर मंथन तेज हो गया है। अगर अभिषेक समय पर फिट नहीं होते हैं, तो टीम को शीर्ष क्रम में बदलाव करना पड़ सकता है। मुख्य कोच गौतम गंभीर और सहयोगी स्टाफ शुक्रवार के अंतिम अभ्यास सत्र के बाद ही पाकिस्तान के खिलाफ उतरने वाली अंतिम एकादश (Playing XI) पर मुहर लगाएंगे। फिलहाल भारतीय खेमे की नजरें वाशिंगटन सुंदर के ऑलराउंड प्रदर्शन और बुमराह की खतरनाक गेंदबाजी पर टिकी हैं, जो इस वर्ल्ड कप में भारत के सबसे बड़े हथियार साबित हो सकते हैं।

