टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अमेरिका को हासिल करनी होगी नीदरलैंड्स पर जीत

चेन्नई, 12 फरवरी (वार्ता) मुंबई में खेले अपने पहले ग्रुप मुक़ाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका ने भारत के सामने चुनौती पेश की लेकिन कोलंबो में पाकिस्तान की टीम उनके ऊपर हावी रही। शुक्रवार को नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ लगातार तीसरी हार उन्हें सुपर-8 की दावेदारी से बाहर कर सकती है। इतिहास भी अमेरिका के पक्ष में नहीं हैं, पुरुष टी20 में नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ तीनों मुक़ाबले में उन्हें हार मिली है। अभ्यास मैच में अमेरिका ने न्यूज़ीलैंड को परेशानी में डाला था लेकिन इसके बाद चोटों ने उनकी टीम को कमज़ोर किया है। तेज गेंदबाज अली ख़ान ग्रोइन इंजरी से उबर रहे हैं जबकि जसदीप सिंह कंधे की चोट के चलते टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो चुके हैं, उनकी जगह पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज़ एहसना आदिल को दल में शामिल किया गया है। आदिल को दूसरे मुक़ाबले में सीधे एकादश में जगह मिली थी लेकिन तीन ओवरों में उन्होंने 39 रन ख़र्च किए थे। यह देखना होगा कि अपना घुटना चोटिल कर बैठे शुभम रांजने इस मुक़ाबले के लिए पूरी तरह फ़िट हो पाते हैं या नहीं। अमेरिका अभी तक अपनी सलामी जोड़ी तय नहीं कर पाया है। साईतेजा मुक्कामल्ला को भारत के ख़िलाफ़ एक असफल पारी खेलने के बाद अगले मुक़ाबले से बाहर कर दिया गया। जबकि विश्व कप से पहले वह अमेरिका के सबसे सफल बल्लेबाज़ थे और उन्होंने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में 31 गेंदों पर 50 रन भी बनाए थे।

नीदरलैंड्स नामीबिया के ख़िलाफ़ बास डी लीडे के ऑलराउंड प्रदर्शन से जीत के बाद आत्मविश्वास से भरा होगा। उनके पास बल्लेबाज़ी में गहराई है और रोलॉफ़ वैन डर मर्व नंबर नौ पर बल्लेबाज़ी करते हैं जबकि उनके पास गेंदबाज़ी के काफ़ी विकल्प भी हैं। टूर्नामेंट के पहले मुक़ाबले में उन्होंने पाकिस्तान को चुनौती भी दी थी। नीदरलैंड्स चेन्नई की परिस्थितियों से भी परिचित है क्योंकि पिछले महीने एक सप्ताह तक पूरे दल ने चेन्नई सुपर किंग्स अकादमी में अभ्यास किया था।
संभावित एकादश : नीदरलैंड्स: 1 मैक्स ओ’डाउड, 2 माइकल लेविट, 3 बास डी लीडे, 4 कॉलिन एकरमैन, 5 स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), 6 ज़ैक लायन-काचैट, 7 लोगान वान बीक, 8 आर्यन दत्त, 9 रोलॉफ़ वैन डर मर्व, 10 टिम वैन डर गुगटेन, 11 फ़्रेड क्लासन अमेरिका : 1 एंड्रिएस गौस (विकेटकीपर), 2 शयान जहांगीर/साईतेजा मुक्कामल्ला, 3 मोनांक पटेल (कप्तान), 4 मिलिंद कुमार, 5 संजय कृष्णमूर्ति, 6 शुभम रंजाने, 7 हरमीत सिंह , 8 मोहम्मद मोहसिन, 9 शैडली वान शाल्कविक, 10 सौरभ नेत्रवलकर, 11 अली ख़ान/एहसान आदिल

Next Post

इटली ने नेपाल को 123 पर समेटा

Thu Feb 12 , 2026
मुंबई, 12 फरवरी (वार्ता) स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने पहले टी20 विश्व कप मैच में इटली की टीम बहुत कमज़ोर लग रही थी, लेकिन उन्होंने यहां नेपाल को सिर्फ़ 123 रन पर रोककर अच्छा प्रदर्शन किया। यह कहना होगा कि उन्होंने हालात का बहुत अच्छे से अंदाज़ा लगाया। नेपाल को बैटिंग […]

You May Like