नयी दिल्ली, 12 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री, डॉ. मनसुख मांडविया ने बुधवार को 23 से 26 फरवरी तक जम्मू और कश्मीर में होने वाले खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2026 के गुलमर्ग चरण की तारीखों की घोषणा की। यह खेलो इंडिया शीतकालीन खेल का छठा एडिशन होगा। गुलमर्ग स्नो स्पोर्ट्स इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। डॉ. मांडविया ने कहा, “गुलमर्ग चरण शीतकालीन ओलंपिक्स के बाद आ रहा है और खेलो इंडिया शीतकालीन खेल की मेजबानी करने का यह सही समय है। लेह (लद्दाख) में हमारा पहला फेज बहुत सफल रहा और निश्चित रूप से, हम जम्मू और कश्मीर में भी वही उत्साह देखेंगे क्योंकि एथलीट एक बार फिर नेचर और मुश्किल हालात से लड़ेंगे।”
उन्होंने कहा, “खेलो इंडिया शीतकालीन खेल के हर सीजन में रोमांचक प्रदर्शन और बढ़ता प्रतियोगिता देखी गयी है। लेह में, फिगर स्केटिंग के जुड़ने से प्रतियोगिता की इंटेंसिटी बढ़ गयी और गुलमर्ग में हम कोंगदूरी स्लोप पर कुछ शानदार टाइमिंग की उम्मीद कर रहे हैं।” गुलमर्ग में चार पदक प्रतियोगिताएं होगी, स्की माउंटेनियरिंग, अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री), और स्नोबोर्डिंग, जिसमें लगभग 400 एथलीट्स के हिस्सा लेने की उम्मीद है और अल्पाइन स्कीइंग में सबसे अधिक पार्टिसिपेशन होगा। केआईडब्ल्यूजी 2025 सीजन में इंडियन आर्मी 18 पदक के साथ शीर्ष पर रही, जबकि हिमाचल प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा, उसके बाद लद्दाख, महाराष्ट्र और तमिलनाडु रहे। केआईडब्ल्यूजी 2026 लद्दाख लेग के आखिर में, हरियाणा चार स्वर्ण पदक के साथ पदक तालिका में सबसे आगे रहा, ये सभी पदक उसने फिगर और आइस स्केटर्स ने जीते, उसके बाद लद्दाख, महाराष्ट्र और तेलंगाना का नंबर रहा।

