
नीमच। नगर में सोमवार सुबह पूजा करने मंदिर जा रहे बुजुर्ग को एक कार ने जोड़दार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला बघाना थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाजी धाम का है। मृतक की पहचान अंबिका प्रसाद शर्मा (65) के रुप में हुई। जो आज सुबह करीब 6:30 बजे मंदिर में पूजा के लिए जा रहे थे।
बुजुर्ग साइकिल पर सवार होकर स्टेशन रोड स्थित चोपड़ा गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए घर से निकले थे। कॉलोनी में ही कार ने उन्हें टक्कर मारी। हादसे के बाद कार चालक खुद बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटा आरक्षक पद पर पदस्थ
मृतक अंबिका प्रसाद मूल रूप से रतलाम के निवासी थे और वर्तमान में नीमच के बालाजी धाम में अपने बेटे के साथ रह रहे थे। उनका बेटा मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर नीमच सिटी थाने में पदस्थ है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कार की टक्कर को लेकर विरोधाभास बना हुआ है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने गाड़ी रिवर्स लेते समय बुजुर्ग को कुचला, वहीं कुछ का कहना है कि कार सामने से सीधे आकर उनसे टकराई थी।
सूचना मिलते ही बघाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
